Tuesday , April 23 2024
Breaking News

कांग्रेस में हुआ बड़ा फेरबदल, पटेल बने कोषाध्यक्ष और वोरा महासचिव

Share this

नई दिल्ली। आगामी लोकसभा के मद्देनजर तकरीबन सभी पार्टियां अपने संगठन को बखूबी दुरूस्त करने में जुटी हुई हैं। इसी क्रम में आज कांग्रेस पार्टी ने भी काफी बड़ा फेरबदल किया है। जिसके तहत कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मोतीलाल वोरा के स्थान पर वरिष्ठ नेता अहमद पटेल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया। इसके साथ ही उन्होंने वोरा को महासचिव (प्रशासन) की जिम्मेदारी सौंपी है।

इसके साथ ही उन्होंने राजस्थान से ताल्लुक रखने वाले पार्टी के वरिष्ठ नेता सीपी जोशी के स्थान पर लुईजिन्हो फ्लेरियो को पूर्वोत्तर के राज्यों (असम को छोड़कर) का प्रभारी महासचिव नियुक्त किया गया है। फ्लेरियो गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री हैं।

वहीं वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा को कर्ण सिंह के स्थान पर पार्टी के विदेश मामलों के विभाग का अध्यक्ष बनाया गया और लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार को कांग्रेस कार्य समिति में बतौर स्थायी आमंत्रित सदस्य शमिल किया गया है।

जबकि वहीं इस बाबत कांग्रेस के संगठन महासचिव अशोक गहलोत ने एक बयान में कहा, ‘‘कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अहमद पटेल को तत्काल प्रभाव से कांग्रेस का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही मोतीलाल वोरा को महासचिव (प्रशासन) बनाया गया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी बतौर कोषाध्यक्ष मोतीलाल वोरा की कड़ी मेहनत और योगदान की सराहना करती है।’’

ज्ञात हो कि वोरा पिछले 17 वर्षों से पार्टी के कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार रहे पटेल को कोषाध्यक्ष बनाए जाने को आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इसी प्रकार से पूर्व केंद्रीय मंत्री सीपी जोशी को पूर्वोत्तर प्रभारी महासचिव की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि जोशी राजस्थान विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए काम कर रहे हैं और इसी के मद्देनजर उनको राष्ट्रीय संगठन की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है।

Share this
Translate »