Sunday , April 21 2024
Breaking News

गंगा-कावेरी एक्सप्रेस में लूट, आधा दर्जन यात्रियों को चाकू मार घायल किया

Share this

नई दिल्ली। प्रदेश में कानून-व्यवस्था का मामला सरकार की सबसे अहम और बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। क्योंकि सरकार की तमाम कवायदों के बावजूद अपराध और अपराधी काबू में नही आ पा रहे हैं। इसी क्रम में बीती रात जनपद चित्रकूट में आधा दर्जन ड़कैतों द्वारा गंगा-कावेरी एक्सप्रेस ट्रेन में लूटपाट की घटना को अंजाम को अंजाम देने से हड़कम्प मच गया। हालांकि घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और प्रदेश पुलिस के आला अफसरान ने मौके पर पहुंच छानबीन शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि चेन्नई से पटना जा रही गंगा-कावेरी एक्सप्रेस रविवार की आधी रात को मानिकपुर-इलाहाबाद रूट पर पनहाई आउटर के पास लुट गई। ट्रेन में सवार आधा दर्जन ड़कैतों ने ट्रेन की आधा दर्जन बोगियों में करीब पौने दो घंटे तक लूटपाट की। बदमाशों ने विरोध जताने पर आधा दर्जन यात्रियों को चाकू मारकर लहूलुहान भी कर दिया। इसके बाद बदमाश घनघोर जंगल की ओर भाग निकले।

मिली जानकारी के मुताबिक गंगा कावेरी एक्सप्रेस नंबर 12669 रविवार की शाम को चेन्नई से पटना (विहार) जा रही थी। ट्रेन ने मानिकपुर जंक्शन से रात एक बजकर 5 मिनट में इलाहाबाद के लिए रवाना हुई। मानिकपुर थाना क्षेत्र के ही पनहाई रेलवे स्टेशन को पार करते ही करीब दो किमी. की दूरी पर आउटर में एक बजकर 27 मिनट में ड़कैतों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया।

बताया जाता है कि ट्रेन के रूकते ही ड़कैतों ने असलहे, चाकू व छूरा लहराते हुए बोगियों में लूटपाट शुरू कर दी। करीब डेढ़ दर्जन बदमाशों ने ट्रेन की एस 3 से लेकर एस 9 तक की बोगियों में लूटपाट किया। यह सभी बोगियां आरक्षित वाली है। ट्रेन के गार्ड ने कई बार उतरकर चेन पुलिंग को सही किया और ट्रेन को आगे बढ़ाने की कोशिश की। लेकिन ट्रेन के चलने का हार्न बजते ही ड़कैत चेन पुलिंग कर रोकते रहे। आउटर पर ही ट्रेन एक घंटे 46 मिनट खड़ी रही।

इस दौरान करीब पौने दो घंटे तक डकैतों ने यात्रियों से जमकर लूटपाट किया। विरोध करने पर बदमाशों ने करीब आधा दर्जन यात्रियों को चाकू, छूरा मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिलाओं के जेवर डकैतों ने उतरवा लिए। यात्रियों की नकदी समेत पूरा सामान लूट लिया। लूटपाट करने के बाद ड़कैत जंगल की ओर भाग निकले। इसके बाद ट्रेन भोर में तीन बजकर 13 मिनट पर इलाहाबाद के लिए रवाना हुई। घायल यात्रियों को इलाहाबाद में भर्ती कराया। ट्रेन के इलाहाबाद पहुंचने पर लूट की सूचना पुलिस को मिली।

वहीं इस सनसनखेज लूटपाट की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार झा, अपर एसपी बलवंत चौधरी, एसओ मानिकपुर केपी दुबे भारी पुलिस फोर्स के साथ भोर में ही मौके पर पहुंच गए। इसके बाद चित्रकूटधाम रेंज के डीआईजी मनोज तिवारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रेलवे लाइन के किनारे दो बैग बरामद किए है। माना जा रहा है कि लूटपाट के दौरान ड़कैत यात्रियों के बैग छोंडकर भागे है।

मौके पर पुलिस की तमाम टीमें और रेलवे पुलिस संयुक्त रूप से सर्च अभियान मेगं जुटी है साथ ही डॉग स्क्वॉयड की मदद भी ली जा रही है। आउटर के समीप ही जंगल में बसे कोटा कंदैला गांव के पत्रकार पुरवा में पुलिस टीम ने पहुंचकर जानकारी ली। हालांकि अभी तक पुलिस को कुछ भी हासिल नहीं हुआ है।

Share this
Translate »