Monday , April 22 2024
Breaking News

सिपाही ने खाकी को किया शर्मसार, धमकी देकर कर रहा था कई साल से बलात्कार

Share this

लखनऊ। प्रदेश के जनपद मुरादाबाद में एक सिपाही की काली और बेहद ही घिनौनी करतूत के चलते खाकी को शर्मसार होना पड़ा है। दरअसल उक्त सिपाही अपने ही विभाग के मृतक सहकर्मी की विधवा से सालों से बलात्कार कर रहा था और साथ ही बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर उसको मुंह बंद रखने का दबाव बनाये रखता था।

गौरतलब है कि जनपद मुरादाबाद  के देहात क्षेत्र में तैनात महिला सिपाही की तहरीर पर सिविल लाइंस पुलिस ने सहारनपुर में तैनात सिपाही नरेंद्र के खिलाफ दुष्कर्म व धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया है। महिला सिपाही ने इसके लिए आईजी से गुहार लगाई थी। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर जांच में जुटी है।

मिली जानकारी के मुताबिक ग्रामीण क्षेत्र के एक थाने में तैनात महिला सिपाही ने आईजी को दिए तहरीर में बताया था कि उसके पति की मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद उसे अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। महिला के अनुसार उसने पुलिस लाइंस मुरादाबाद में 2009 में आमद दर्ज कराई उस समय आरआई का आरक्षी नरेंद्र वहां मुंशी के पद पर तैनात था।

महिला सिपाही ने आरोप लगाया कि सिपाही नरेंद्र उसके ऊपर अनुचित दबाव बनाता था। जब बच्चे स्कूल चले जाते तो महिला सिपाही के घर पहुंच कर आरोपी सिपाही उससे जोर जबर्दस्ती करके उसका शारीरिक शोषण करता था। मना करने पर आरोपी बच्चों को अगवा कर जान से मारने की धमकी देकर महिला सिपाही को शांत कर देता था।

इतना ही नही पीड़िता के अनुसार वर्ष 2009 से लगातार आरोपी उसका शारीरिक शोषण कर रहा है और परेशान कर रहा है। उसने इसकी शिकायत 14 अप्रेल व 22 मई को एसएसपी से की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब आईजी के हस्तक्षेप के बाद सिविल लाइंस थाने में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म व धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएचओ सिविल लाइंस ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Share this
Translate »