Tuesday , April 23 2024
Breaking News

लड़की की मां को एकतरफा प्यार में बीच सड़क पर मार दी गोली

Share this

लखनऊ। एकतरफा प्यार में लखनऊ के सरोजनीनगर में शोहदे ने युवती की मां को सरेराह गोली मार दी। महिला के बाएं हाथ और हथेली में छर्रे लगे हैं। चीख-पुकार सुनकर आए पास के दुकानदार ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उन पर भी गोली चला दी। इस बीच इलाकाई लोगों ने शोहदे की घेराबंदी की तो वह फायरिंग करते हुए भाग निकला। घायल महिला को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। इंस्पेक्टर धर्मेश शाही के मुताबिक, पीड़िता मूलरूप से बिहार की है और कई साल से यहां बदालीखेड़ा में पति व बच्चों के साथ रह रही है। मुहल्ले का ही सतीश उसकी 20 वर्षीय बेटी को काफी समय से परेशान कर रहा है। पीड़िता इलाके में ही रहने वाले शिवप्रकाश उर्फ मुन्नू की दुकान में सिलाई-कढ़ाई का काम करती है। पीड़िता दुकान से पैदल घर लौट रही थी तभी सतीश ने उसे रोक लिया। बीच सड़क पर ही वह शादी कराने का दबाव डालने लगा।पीड़िता ने इन्कार किया तो गाली-गलौज, धक्का-मुक्की व हाथापाई शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने तमंचा निकालकर पीड़िता पर 2 फायर किए। उसकी बांह व हथेली पर छर्रे लगे और वह चीखते हुए सड़क पर गिर पड़ी। गोलियों की आवाज सुनकर शिवप्रकाश दौड़े तो सतीश ने 1 गोली उन पर भी चलाई।

पुलिस ने पीड़िता को अस्पताल में कराया भर्ती
इस बीच आसपास के लोग घटनास्थल की तरफ दौड़े तो सतीश भागने लगा। लोगों ने उसे घेर लिया। खुद को घिरा देख सतीश ने हवाई फायरिंग कर भाग निकला। पुलिस ने पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पीड़िता के मुताबिक, उसकी बेटी की नवंबर में शादी तय हो चुकी है। शोहदे सतीश के खौफ से पूरा परिवार सहमा हुआ है। करीब सप्ताहभर पहले युवती का पिता उसे लेकर गांव चला गया। पीड़िता के मुताबिक, सतीश उसकी बेटी की शादी कहीं और होने पर उसे और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है। हत्या की धमकियां देने पर उन्होंने बेटी को गांव भेज दिया।

 

 

Share this
Translate »