Thursday , August 6 2026
Breaking News

यूपी मिशन 2022: इन विधायकों और मंत्रियों के कट सकते हैं टिकट, ब्रज में जेपी नड्डा ने दिए संकेत

Share this

आगरा। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ब्रज क्षेत्र से विधानसभा चुनाव का बिगुल बजाते हुए साफ संकेत दिये कि नॉन परफार्मिंग मंत्री और विधायकों के टिकट कट सकते हैं। रविवार को फतेहाबाद रोड स्थित होटल ताज विलास में ब्रज क्षेत्र की संगठनात्मक बैठक में नड्डा ने विधायकों से साफ कहा कि उनकी कोई उपलब्धि है तो उसे सामने लाएं। जनता को बताएं अपने कार्यों का दस्तावेज (बुकलेट) बनाएं ताकि वह इतिहास बने।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2022 बेहद करीब हैं। अब कार्यकर्ता बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने में लगें। केंद्र के साथ राज्य सरकार की सभी योजनाओं को उत्तर प्रदेश में जन-जन तक पहुंचाएं। बूथ को मजबूत बनाइए प्रवास की संख्या बढ़ाइए। संगठन के निर्धारित कार्यक्रमों को शत प्रतिशत धरातल तक उतारना है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए हमें हर समय विचार करना है। 

इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ब्रज में हुए विकास कार्यों को गिनाया। उन्होंने एसएन मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशलिटी फिरोजाबाद और एटा में बन रहे मेडिकल कॉलेज आगरा में प्रस्तावित छत्रपति शिवाजी महाराज के संग्रहालय आदि विषयों को रखा।

बैठक में भाजपा अध्यक्ष नड्डा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संगठन पदाधिकारियों को सभी आपस में सामंजस्य स्थापित कर चुनाव में जुट जाने के लिए कहा। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बूथ की मजबूती और संगठन के प्रस्तावित कार्यक्रमों को उत्साह के साथ करने के निर्देश दिए।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री सात घंटे आगरा में रहकर संगठनात्मक चिंतन किया। दो सत्र में आयोजित बैठक के पहले सत्र में संगठन के पदाधिकारियों से बात की और दूसरे सत्र में सांसद और विधायकों से बात की। राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल और उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा, केशव प्रसाद मौर्य भी बैठक में शामिल हुए हैं।भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष की बैठक के लिए पूरे ब्रजक्षेत्र के 50 विधायक, सात मंत्री और पांच एमएलसी पहुंचे। कुछ विधायक तो शनिवार रात आ गए थे। मंत्रियों में चौधरी लक्ष्मी नारायाण, श्रीकांत शर्मा, रामनरेश अग्निहोत्री, संदीप सिंह, महेश गुप्ता, चौधरी उदयभान सिंह, डा. जीएस धर्मेश हुए हैं। सासंद राजकुमार चाहर, एमएलसी में जयपाल सिंह व्यस्त, हरी सिंह ढिल्लो, धर्मवीर प्रजापति, मानवेंद्र सिंह, जयवीर सिंह बैठक में सम्मिलित हुए हैं।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »