Saturday , April 20 2024
Breaking News

सर्वदलीय बैठक में सभी दलीय नेताओं का विधान सभा अध्यक्ष को सदन चलाने में सहयोग देने का आश्वासन

Share this

लखनऊ, उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने 19 सितम्बर, 2022 से प्रारम्भ हो रहे 18वीं विधान सभा के द्वितीय सत्र को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी दलीय नेताओं से सहयोग के लिए अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि संसदीय व्यवस्था में संवाद और सकारात्मक चर्चा-परिचर्चा के माध्यम से लोकतंत्र मजबूत होता है।
विधान भवन में आयोजित सर्वदलीय बैठक में सभी दलीय नेताओं ने विधान सभा अध्यक्ष को सदन चलाने में सहयोग देने का आश्वासन दिया। बैठक में विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि यह देश की सबसे बड़ी विधान सभा है। स्वाभाविक रूप से उत्तर प्रदेश विधान सभा की कार्यवाही पूरे देश के विधान मण्डलों के लिए एक मानक और आदर्श भी उपस्थिति करती है।
  विधान सभा अध्यक्ष ने सभी दल के नेताओं से अनुरोध किया कि वे अपना-अपना पक्ष सदन में शालीनता एवं संसदीय मर्यादा के अन्तर्गत रखे और प्रेमपूर्ण वातावरण में सदन में बहस करें।
मा0 मुख्य मंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि जनता ने बड़े विश्वास के साथ सभी माननीय सदस्यों को देश की सबसे बड़ी विधान सभा में चुनकर भेजा है। उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरना हम सबका दायित्व है, सभी दलों की गरिमा बढ़ेगी। साथ ही गम्भीर और प्रभावी चर्चा से जनता के सम्मान में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों को आश्वस्त करता हूँ कि सरकार उनका भरपूर सहयोग करेगी।
इस मौके पर संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सभी दलीय नेताओं को आश्वस्त किया कि सरकार पूरी गम्भीरता के साथ सदन में मा0 सदस्यों के प्रस्तावों को सकारात्मक रूप से तथा विकास को नई गति देने और उसे आगे बढ़ाने के लिए कार्य करेगी। सरकार सभी मुद्दों पर सकारात्मक कार्रवाही के लिए प्रतिबद्ध है। संसदीय कार्यमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने मा0 मुख्यमंत्री जी की भावना के अनुरूप सभी दलीय नेताओं से सदन में शान्तिपूर्ण सहयोग करने की अपील की है।
इससे पूर्व कार्य-मंत्रणा समिति की बैठक में विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि सत्र के पहले दिन वर्तमान सदस्य के निधन का निदेश तथा 20 सितम्बर को तीन मा0 सदस्यों को जन्म दिन की बधाई दी जायेगी इसके अगले दिन भूतपूर्व सदस्यों के निधन के निदेश तथा 22 सितम्बर को प्रश्नकाल के बाद महिला सदस्यों को चर्चा हेतु आरक्षित रहेगा जो कि देश की सभी विधान सभाओं में अनूठा होगा।
  बैठक में समाजवादी पार्टी के नेता प्रतिपक्ष के स्थान पर मनोज पाण्डेय, राष्ट्रीय लोक दल के नेता राजपाल वालियान, अपना दल (सोनेलाल) के नेता राम निवास वर्मा, निर्बल इण्डियन शोषित हमारा आम दल के नेता अनिल कुमार त्रिपाठी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के सदस्य बेदीराम, कांग्रेस पार्टी की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ जनसत्ता दल (लोकतान्त्रिक) के उपनेता विनोद सरोज बहुजन समाज पार्टी के नेता, माशंकर सिंह ने भी अपने अपने विचार व्यक्त किये और सदन की कार्यवाही को व्यवस्थित ढंग से चलाने में हर तरह का सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश विधान सभा के प्रमुख सचिव, प्रदीप कुमार दुबे, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद जी व अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहें।

Share this
Translate »