Thursday , August 6 2026
Breaking News

अखिलेश बोले- लोकतंत्र का अपहरण करने की साजिश में जुटी है BJP

Share this

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा लोकतंत्र का अपहरण करने की साजिश में जुटी है। अर्थव्यवस्था की रफ्तार कैसे बढ़े इस पर भाजपा की समझ मंद है। वह युवा पीढ़ी के भविष्य को अंधेरे में पहुंचा रही है। श्रमिकों को बेरोजगार बना रही है। भाजपा के नेता छोटे मन के लोग हैं। समाजवादी पार्टी लोकतंत्र और समाजवाद को मजबूती देने के लिए सामाजिक अन्याय के विरूद्ध आंदोलन की पक्षधर है। सन् 2019 में भाजपा से आक्रोशित जनता की लड़ाई बूथ पर होगी। साइकिल अभियान की सफलता को कोई रोक नहीं पाएगा।

उन्होंने केन्द्र सरकार द्वारा प्रारम्भ ‘आयुष्मान भारत‘ योजना को भाजपा का धोखा बताते हुए कहा कि इस योजना से सरकारी अस्पताल कमजोर होंगे जबकि प्राइवेट संस्थाएं मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार के समय सरकारी अस्पतालों में बेहतर इलाज की सुविधा थी। गंभीर बीमारियों हार्ट, किडनी, लीवर, कैंसर तक के मुफ्त इलाज की व्यवस्था की गई थी।

उन्होंने  कहा कि बेहतर इलाज की सरकारी सुविधा के लिए केवल मेडिकल कालेज का भवन ही नहीं, नर्स, डाक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ की भी जरूरत होती है। इनके अभाव में चिकित्सा संस्थान को मान्यता नहीं मिलती है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में लोहिया अस्पताल के अलावा जौनपुर, आजमगढ़, बदायूं, में भी अच्छे अस्पताल बनाए गए थे।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा ने बाजपेयी जी की स्मृति में सिर्फ हजरतगंज चैराहे का नाम अटल चैराहा रख दिया है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निर्माण में गाजीपुर बलिया, को भाजपा सरकार ने छोड़ दिया है। समाजवादी सरकार उन्हें जोड़कर बनाना चाहती थी। हम मण्डियां और सड़क बना रहे थे। उन्होंने कहा कि रफ्तार से अर्थव्यवस्था तिगुनी बढ़ती है।

उन्होंने याद दिलाया कि उनके कार्यकाल में लखनऊ में हाईकोर्ट का भवन, विधानसभा के सामने हूबहू लोकभवन, के अतिरिक्त जेपी इंटरनेशनल सेंटर का निर्माण किया गया।यह दिल्ली के हैवीटेट सेंटर से बेहतर बना है। इसमें स्विमिंगपूल, हेलीकाप्टर उतरने का स्थान, स्पोर्ट्स सेंटर, संग्रहालय भी बना है। जेपी सेंटर में जय प्रकाश जी के जीवन संघर्ष की गाथा के साथ ‘थाली आंदोलन‘ को भी दर्शाया गया है। लोकनायक जे.पी. के नेतृत्व में नौजवानों ने सम्पूर्ण क्रान्ति का बिगुल फूंका था। राजधानी में लोहिया पार्क के बाद एशिया का सबसे बड़ा जनेश्वर मिश्र पार्क भी बनाया है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »