लखनऊ। अखिल भारत हिंदू महासभा की राष्ट्रीय सचिव पूजा शकुन पांडेय और उनके पति अशोक पांडेय को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पुतले को गोली मारने और उसका दहन करने के मामले में अलीगढ़ पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने दोनों को जेल भेज दिया है। इस मामले में पूजा शकुन पांडेय और उनके पति अशोक पांडेय को नोएडा से गिरफ्तार किया गया था।
गौरतलब है कि शौर्य दिवस पर 30 जनवरी को अखिल भारत हिंदू महासभा के बी दास कंपाउंड नौरंगाबाद स्थित कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पुतले को गोली मारने व पुतला दहन का कार्यक्रम किया गया था। इसकी जानकारी पर पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए पूजा शकुन व अशोक पांडेय सहित 11 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया था।
ज्ञात हो कि इनमें से सात लोग अब तक गिरफ्तार हो चुके हैं। बाकी पूजा शकुन व अशोक पांडेय सहित चार की तलाश चल रही थी। वहीं पुलिस को लगातार उनकी लोकेशन अंबाला व चंडीगढ़ में मिल रही थी। इसी सटीक सूचना पर एक टीम मंलगवार शाम को ही दिल्ली पहुंची और देर शाम टीम ने दिल्ली से नोएडा में प्रवेश करते समय एक चौराहे पर इन्हें सफेद रंग की वैगन आर कार में घेर लिया। सूत्रों के अनुसार पुलिस को देखकर दोनों ने बचकर निकलने की कोशिश भी की, मगर दोनों बच नहीं सके।
Disha News India Hindi News Portal