Tuesday , April 23 2024
Breaking News

आजमगढ़ में निरहुआ के बाद अब बिजनौर में प्रियंका को करना पड़ा विरोध का सामना

Share this

नई दिल्ली। देश के अहम सूबे उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार के दौरान नेताओं को विरोध भी झेलना पड़ रहा है। जिसकी बानगी है कि अभी हाल ही में आजमगढ़ में निरहुआ को भारी विरोध झेलना पड़ा था। वहीं आज कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को बिजनौर में प्रचार के दौरान विरोध झेलना पड़ा।

गौरतलब है कि चुनावी प्रचार के आखिरी दिन धुआंधार प्रचार करने वे पश्चिमी यूपी पहुंचीं प्रियंका गांधी को आज बिजनौर पहुंचीं और रोड शो शुरू किया। रोड शो से पहले कांग्रेस व भाजपा कार्यकर्ताओं में हंगामा हो गया। कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता इस दौरान आमने-सामने आ गए और समर्थकों के बीच तीखी झड़प हो गई। 

जानकारी के अनुसार यहां एक दुकान पर कुछ भाजपा कार्यकर्ता जमा थे। प्रियंका गांधी का रोड शो शुरू होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने झंडे दिखाने शुरू कर दिए। इसका कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध किया जिस पर दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता और समर्थक आमने सामने आ गए। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने काफी देर तक मोदी मोदी के नारे भी लगाए। हालांकि पुलिस ने भाजपा समर्थकों को एक दुकान में बंद कर दिया।

प्रियंका गांधी के रोड शो में भारी भीड़ उमड़ी। करीब डेढ़ किलोमीटर के रोड शो में सड़क के दोनों ओर जनता खड़ी रही। प्रियंका ने सभी का अभिवादन किया व लोगों से हाथ भी मिलाया।  इस दौरान समर्थकों की भारी भीड़ उनके काफिले में उनके साथ चलती नजर आई। रोड शो में उमड़ी भीड़ ने ‘चौकीदार चोर है’ के नारे भी लगाए। यहां रोड शो करने के बाद प्रियंका गांधी सीधा सहारनपुर के लिए रवाना हो गईं।

रोड शो से पहले प्रियंका सरसावा में अंबाला रोड पर स्थित चौधरी ढाबा पर कुछ देर के लिए मीडिया से रुबरू हुईं। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए कहा कि हमारी नीति और नीयत साफ है, जबकि भाजपा की नीति में खोट है। उन्होंने कहा कि छापेमारी की कार्रवाई भी खराब नीयत से की जा रही है लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं। 

Share this
Translate »