Thursday , August 6 2026
Breaking News

भाजपा की जीत पर पीएम मोदी ने दी बधाई, लिखा- सीएम योगी की नीतियों और कार्यकर्ताओं के परिश्रम ने जीत दिलाई

Share this

नई दिल्ली। हाल के पिछले कुछ दिनों के दौरान देश ही नही वरन उत्तर प्रदेश की भी मीडिया तथा सियासी गलियारों में मुख्यमंत्री योगी को लेकर लगातार चर्चाओं का दौर जारी था और लगातार ऐसा प्रचार किया जा रहा था कि न सिर्फ सरकार बल्कि संगठन के लोगों का योगी से मनभेद और मतभेद चरम पर है जिसके तहत राजधानी दिल्ली से लेकर लखनऊ तक मैराथन बैठको भी जारी थीं। लेकिन लोग ये नहीं जान सके कि वो तो महज हाल के पंचायत चुनावों और आने वाले विधान सभा चुनावों को लेकर हो रही तैयारी थी। उसकी बानगी अब सामने भी आ गई और भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनावों में छा गई। इस शानदार कामयाबी पर प्रधानमंत्री मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है, साथ ही इस जीत का श्रेय यूपी के सीएम योगी को दिया है।

गौरतलब है कि शनिवार की शाम को पीएम मोदी ने ट्वीट में लिखा कि ‘यूपी जिला पंचायत चुनाव में भाजपा की शानदार विजय विकास, जनसेवा और कानून के राज के लिए जनता-जनार्दन का दिया हुआ आशीर्वाद है। इसका श्रेय मुख्यमंत्री योगी की नीतियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम को जाता है। यूपी सरकार और भाजपा संगठन को इसके लिए हार्दिक बधाई। यूपी जिला पंचायत चुनाव में भाजपा की शानदार विजय विकास, जनसेवा और कानून के राज के लिए जनता जनार्दन का दिया हुआ आशीर्वाद है। इसका श्रेय मुख्यमंत्री योगी जी की नीतियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम को जाता है। यूपी सरकार और भाजपा संगठन को इसके लिए हार्दिक बधाई।

वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्षों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायतीराज व्यवस्था की ग्रामीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका है। जिला पंचायत के माध्यम से ग्रामीण इलाकों में विकास के महत्वपूर्ण कार्य संचालित होते हैं। उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्षों से पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण भाव से अपने पद के दायित्वों का निर्वहन करने की अपेक्षा की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार गांव, गरीब और किसान की सीधी मदद करने के साथ ही विभिन्न योजनाओं और कार्यक्र्तमों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने इन समस्त नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से कोरोना कालखंड की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में स्थानीय प्रशासन को सहयोग प्रदान करते हुए मानवता की सेवा में सहभागी बनने का आह्वान किया है।

जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भाजपा ने 67 जिलों में जीत दर्ज कर रिकार्ड कायम किया है। वहीं समाजवादी पार्टी महज पांच जिलों तक ही सिमटकर रह गई। कन्नौज, मैनपुरी, औरैया फर्रुखाबाद जैसे प्रमुख गढ़ माने जाने वाले जिलों में भी सपा को शिकस्त का सामना करना पड़ा है। शनिवार को 53 जिलों में हुए जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भाजपा ने 46 जिलों में जीत दर्ज की।

सपा ने चार, जनसत्ता दल, रालोद व निर्दलीय ने एक-एक जिले में जीत दर्ज की। इससे पहले 21 जिलों में भाजपा और एक जिले इटावा में सपा के निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित हो चुके हैं। चुनाव के दौरान बलिया, प्रतापगढ़ और संतकबीर नगर में विवाद हुआ जबकि अन्य जिलों में चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।

यह पहला मौका है जब जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में 67 जिलों में भाजपा को अपना जिला पंचायत अध्यक्ष बनाने की खुशी मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी इस शानदार जीत का श्रेय योगी आदित्यनाथ को ही दिया है। एक ट्वीट में जेपी नड्डा ने लिखा कि ‘उत्तर प्रदेश जिला पंचायत चुनाव में भाजपा की शानदार जीत के लिए @myogiadityanath जी, @swatantrabjp जी और कार्यकर्ताओं को बधाई।  प्रधानमंत्री @narendramodi जी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार लगातार सबके विकास के लिए काम रही है।यह जीत भाजपा की नीतियों पर जनता के विश्वास का प्रतीक है।’

योगी आदित्यनाथ को बधाई देने वालों में पार्टी के पूर्व राष्ट्रय अध्यक्ष और मौजूदा गृहमंत्री अमित शाह भी शामिल हैं। अमित शाह ने अपने ट्वीट में लिखा कि ‘उत्तर प्रदेश पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भाजपा की भव्य जीत पर @myogiadityanath जी, @swatantrabjp जी व सभी कार्यकर्ताओं को बधाई। @narendramodi जी व योगी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार प्रदेश के किसान, गरीब व वंचित वर्ग की आकांक्षाओं को पूरा कर प्रगति के नए मापदंड स्थापित करती रहेगी।’

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »