Tuesday , August 4 2026
Breaking News

मैं तो भाजपा के लिए चुनावी ‘आइटम गर्ल’ बन गया हूं: आजम खान

Share this

लखनऊ। वक्त के सितम बड़े ही अजीब होते हैं। अच्छे-अच्छों को मजबूर कर देते है। मौजूदा वक्त में ऐसा ही कुछ अभी पिछली सरकार में अलग ही हैसियत रखने वाले कबीना मंत्री आजम खान के साथ हो रहा है। नौबत अब इस हद तक आ गई है कि अब वो खुद को भाजपा की आइटम गर्ल बता रहे हैं। जबकि कल तक ये कह रहे थे कि उनको अब इतना भी पता नही रहता है कि कब किस अदालत में किस मामले में जाना है।

गौरतलब है कि बुधवार को बदायूं में मश्वराती काउंसिल (सलाहकार परिषद) की विशेष बैठक में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव आजम खां ने संवाददाताओं से बातचीत में खुद को भाजपा की ‘आइटम गर्ल’ बताया और कहा ‘‘सारे चुनाव भाजपा मेरे नाम पर ही लड़ती रही है। पिछला विधानसभा चुनाव मेरे नाम पर लड़ा। अब लोकसभा चुनाव भी मेरे ही नाम पर लड़ेगी।

उन्होंने कहा कि मेरा तो यह हाल कर दिया है कि मुझे खुद नहीं पता कि मेरे ऊपर कितने मुकदमे दर्ज कर दिए गए हैं। मेरे नाम से कितने सम्मन और वारंट जारी कर दिए गए हैं, मैं तो बस उन्ही मुकदमों की पैरवी करता घूमता रहता हूँ।’’ वहीं कहा कि उनके पास कोई सम्पत्ति नहीं है। उनका सिर्फ एक बैंक खाता है जो विधान भवन में स्थित एसबीआई की शाखा में है। इसके सिवा अगर देश के किसी भी बैंक में उनका कोई खाता मिल जाये तो उनको कुतुबमीनार पर फांसी दे दी जाए।

इसके अलावा उन्होंने बताया कि मश्वराती काउंसिल ने निर्णय लिया है कि फिरकापरस्त ताकतों को हराने के लिये दलितों, पिछड़ों और कमजोरों को एकजुट करना होगा, तभी इंकलाब आएगा। इसके लिए उन सभी मुद्दों से हटना होगा जिनको लेकर भाजपा देश मे आग लगाना चाहती है। राम मंदिर मामले पर खां ने कहा कि उच्चतम न्यायालय देश की सर्वोच्च संस्था है। उसका आदेश सबसे ऊपर होना चाहिए।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »