Thursday , August 6 2026
Breaking News

जहरीली शराब से यूपी-उत्तराखण्ड में मचा हाहाकार, मरने वालों की संख्या हुई तीन दर्जन के पार

Share this

नई दिल्ली। एक बार फिर जहरीली शराब के कहर से उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड के कई परिवार उजड़ गए। जहरीली शराब का सेवन करने से अब तक तकरीबन तीन दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो गई है। जबकि कई लोगों की हालत गंभीर है। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गौरतलब है कि यूपी के सहारनपुर जिले में कुल 14 तो कुशीनगर जिले में दो दिनों में अब तक कुल 10 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं उत्तराखंड के रुड़की में झबरेड़ा क्षेत्र के बल्लूपुर गांव में जहरीली शराब पीने से अब तक 14 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 11 लोग गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।

जिसके तहत जहां सहारनपुर में जहरीली शराब पीने से अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कुल 14 लोगों की मौत हो गई है। वहीं तकरीबन दस से भी ज्यादा लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। सहारनपुर में नागल क्षेत्र के गांव उमाही में शराब के सेवन से मरने वालों में 48 वर्षीय इमरान, 32 वर्षीय पिंटू, 32 वर्षीय कमरपाल और 30 वर्षीय अरविंद बताए जा रहे हैं। वहीं जहरीली शराब पीने से अन्य दस लोगों की हालत बेहद गंभीर है।

इन सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि पिंटू नाम का युवक गुरुवार को बाहर से गांव में शराब लेकर आया था। इसके अलावा गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के गांव शरबतपुर में भी जहरीली शराब पीने से तीन लोगों की मौत हुई है। मरने वालों में 40 वर्षीय दीपचंद पुत्र कुबूल सिंह निवासी गांव माली को पौने ग्यारह बजे मृत अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया।

कुशीनगर जिले के तरयासुजना क्षेत्र में जहरीली शराब पीने वाले पांच और लोगों की बृहस्पतिवार को मौतें हो र्गइं। इनमें दो सगे भाई हैं। दो दिनों में अब तक कुल 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि चार बीमार लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। प्रशासन आठ लोगों की मौत की पुष्टि कर रहा है, दो की मौत बीमारी से बता रहा है।

उधर, इस मामले में तरयासुजना के इंस्पेक्टर, हल्का दरोगा और दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया। इसके अलावा आबकारी निरीक्षक समेत पांच सिपाही भी निलंबित किए गए हैं। जहरीली शराब बनाने और बेचने में एक आरोपी राजेंद्र जायसवाल को गिरफ्तार किया गया है। क्षेत्र के बेंदूपार खलवा टोला निवासी रामवृक्ष (26) और नौका टोला निवासी रामनाथ शाहर (45) की गुरुवार की सुबह कच्ची जहरीली शराब पीने से मौत हो गई, जबकि बुधवार की रात खैरटिया निवासी विजय (46) और ओम दीक्षित (28) ने  शराब पीने के बाद दम तोड़ दिया था।

बुधवार को हुई तीन अन्य लोगों की मौत भी उनके घर वालों ने शराब पीने से बताई थी। तीनों का उनके घर वालों ने अंतिम संस्कार भी कर दिया था। इसी के चलते उनका पोस्टमार्टम नहीं हो सका।इसके अलावा ओम दीक्षित के छोटे भाई दिवाकर दीक्षित (25) को सिसवा नाहर में प्राइवेट चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया है।

एसपी राजीव नारायन मिश्र ने बताया कि हीरा और डेबा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट न होने से डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित रख लिया है। घर वालों की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या, जहरीली शराब बनाने और बेचने के आरोप में केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

अवैध कच्ची शराब के कारोबारियों पर कार्रवाई में लापरवाही बरतने के आरोप में तरयासुजान थाने के इंस्पेक्टर विनय पाठक को लाइन हाजिर और हल्का दरोगा और दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है।

इसके अलावा उत्तराखंड के रुड़की में झबरेड़ा क्षेत्र के बल्लूपुर गांव में जहरीली शराब पीने से अब तक 12 लोगों की मौत हो गई है। वहीं चार लोग गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।  एसएसपी जनमेजय प्रभाकर खंडूरी के अनुसार, गांव में एक व्यक्ति के घर में तेरहवीं के भोज का कार्यक्रम था। इस दौरान वहां कुछ ग्रामीणों ने शराब पी थी। शराब पीने के बाद वहां ग्रामीणों की हालत खराब होने लगी जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई। वहीं अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह हादसा घर पर बनाई जा रही कच्ची शराब पीने के कारण हुआ होगा। पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। वहीं इस बात की भी जांच की जा रही है कि मामला फूड प्वॉइजनिंग का तो नहीं है। क्योंकि शराब पीने और खाना खाने के बाद ही लोगों की तबीयत बिगड़ी थी। मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

वहीं अवैध मदिरा के सेवन को लेकर लापरवाही बरतने के मामले में अपर आबकारी आयुक्त अर्चना गहरवार ने 13 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। साथ ही सभी कर्मचारियों को देहरादून अटैच कर दिया है।

जबकि सहारनपुर व कुशीनगर में जहरीली शराब से हुई मौतों व गंभीर हालत में अस्तपाल में इलाज करवा रहे लोगों के परिजनों के लिए यूपी सरकार ने मुआवजे की घोषणा कर दी है। सरकार ने मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये व गंभीर बीमार लोगों के परिजनों को 50 हजार रुपये मुआवजे की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने साथ ही मामले के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। आपको बता दें कि कुशीनगर के तरयासुजान क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से गुरुवार को चार और मौतें हो गईं। अब तक कुल नौ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि पांच बीमार लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। वैसे प्रशासन सात लोगों की मौत की पुष्टि कर रहा है, जबकि दो की मौत बीमारी से बता रहा है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »