Wednesday , August 5 2026
Breaking News

बॉलीवुड को दूसरा झटका, दिग्‍गज अभिनेता ऋषि कपूर का निधन, कैंसर से थे पीड़ित

Share this

मुंबई. बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर का गुरुवार को निधन हो गया है. खराब तबीयत के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. महानायक अमिताभ बच्चन ने ट्वीट कर ऋषि कपूर के निधन की जानकारी दी है. बता दें कि एक दिन पहले ही इरफान खान के निधन से बॉलीवुड में शोक अभी खत्‍म भी नहीं हुआ था कि एक और दिग्‍गज के निधन से पूरा देश सन्‍न रह गया है.

अमिताभ बच्चन ने ट्वीट कर लिखा- वो गया. ऋषि कपूर गए. अभी उनका निधन हुआ. मैं टूट गया हूं. कपूर फैमिली से रणधीर कपूर ने ऋषि के निधन की खबर को कंफर्म किया है. बता दें, ऋषि कपूर को बुधवार उनके परिवार ने एच एन रिलायंस अस्पताल में भर्ती कराया था. उनके भाई रणधीर ने बताया था कि वह कैंसर से पीड़ित थे और सांस लेने में भी समस्या हो रही थी.

बताते चलें कि ऋषि कपूर पिछले साल सितंबर में अमेरिका से भारत लौटे थे. वहां करीब एक साल तक उनका कैंसर का इलाज चला. 2018 में खबर आई थी कि वो कैंसर से पीड़ित हैं, जिसके बाद करीब एक साल तक वो न्यूयॉर्क में ही रहे और उनका इलाज चला. नीतू सिंह मुश्किल घड़ी में ऋषि कपूर के साथ खड़ी रहीं.

ऋषि कपूर जब न्यूयॉर्क में इलाज के लिए थे तो नीतू सिंह उनके साथ ही रहीं. ऋषि कपूर ने न्यूयॉर्क से लौटने के बाद 2012 में रिलीज हुई फ्रेंच फिल्म ‘द बॉडी’ की इसी नाम से बनी हिंदी फिल्म में काम किया था. इस फिल्म में उनके साथ इमरान हाशमी और शोभिता धुलिपाला मुख्य भूमिकाओं में थे.

फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से नाकाम साबित हुई थी.फ़िल्मी परिवार से होने के कारण ऋषि कपूर हमेशा से ही फिल्मों में अभिनय करने की रूचि रखते थे. ऋषि कपूर ने बॉलीवुड में 1970 में अपने पिता की फिल्म ‘मेरा नाम जोकर’ से डेब्यू किया था. इस फिल्म में ऋषि ने अपने पिता के बचपन का किरदार निभाया था. ऋषि कपूर ने बॉलीवुड में बतौर एक्टर 1973 में फिल्म बॉबी से किया था. इस फिल्म में उनके अपोजिट डिंपल कपाड़िया थीं.

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »