Thursday , August 6 2026
Breaking News

यूपी- एक दिन पहले किया था अपहरण, 1 करोड़ की फिरौती के लिए कर दी हत्या

Share this

गोरखपुर . गोरखपुर जिले के पिपराइच इलाके में अपह्रत किये गये एक छात्र का पुलिस ने सोमवार 27 जुलाई को शव बरामद किया. पुलिस ने बताया कि 14 वर्षीय बच्चे बलराम गुप्ता के पिता महाजन गुप्ता की परचून और पान की दुकान है. बच्चे का अपहरण रविवार को हुआ था और उसके बाद परिवार को फिरौती के लिये फोन आया था.

महाजन गुप्ता ने बताया, रविवार की दोपहर बाद उनका बच्चा बलराम गुप्ता खाना खाने के बाद घर के बाहर खेलने गया था. शाम को मेरे पास एक अनजान नंबर से फोन आया और मुझसे बच्चे के बदले एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गयी. मैंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार गुप्ता ने सोमवार को बताया कि जैसे ही इस घटना की जानकारी मिली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुये अपहरणकर्ताओं को रविवार की रात गिरफ्तार कर लिया था.

उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान अपहरणकर्ताओं ने बताया कि उन्होंने बच्चे को रात को ही मार दिया था और उनसे मिली जानकारी के अनुसार बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है.

इस बीच लखनऊ में अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने बताया कि इस मामले में कई संदिग्ध व्यक्तियों को लेकर पूछताछ की गयी थी. दयानंद राजभर नामक व्यक्ति से पूछताछ करने पर उसने बताया कि बच्चे को मार दिया गया है. उसकी निशानदेही पर केवटिया टोला नाले से एक बोरे में शव बरामद किया गया. उन्होंने बताया कि दयानंद से पूछताछ जारी है. इस घटना में तीन-चार अन्य लोग भी शामिल हैं. इन लोगों की तलाश जारी है.

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »