Thursday , August 6 2026
Breaking News

उत्तर प्रदेश में भाजपा विधायक हत्याकांड का आरोपी हनुमान पांडे एनकाउंटर में ढेर

Share this

लखनऊ. उत्तर प्रदेश एसटीएफ  ने एक लाख के इनामी बदमाश हनुमान पांडे उर्फ राकेश पांडे को राजधानी लखनऊ के सरोजनी नगर इलाके में हुए एनकाउंटर में मार गिराया. हनुमान पांडे माफिया डॉन मुख्तार अंसारी और बागपत जेल में मारे गए मुन्ना बजरंगी का करीबी था. 

बताया जा रहा है कि भाजपा विधायक कृष्णानंद राय हत्याकांड में भी हनुमान पांडे आरोपी था. आईजी एसटीएफ अमिताभ यश ने एनकाउंटर में हनुमान पांडे के मारे जाने की पुष्टि की है. हनुमान पांडे के एनकाउंटर पर एसएसपी एसटीएफ सुधीर सिंह ने कहा कि वाराणसी और मुख्यालय की एसटीएफ टीम के साथ एनकाउंटर हुआ. 

उन्होंने बताया कि एक इनोवा कार में सवार पांच बदमाश भाग रहे थे. पीछा करने पर उनकी कार एक पेड़ से टकराई. जिसके बाद बदमाशों ने एसटीएफ टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. एसटीएफ टीम की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश को गोली लगी. इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई.

आईजी एसटीएफ अमिताभ यश ने बताया कि काफी लंबे समय से इसकी तलाश चल रही थी. पिछले दिनों खान मुबारक गैंग के शूटर नीरज की गिरफ्तारी के बाद खुलासा हुआ था कि हनुमान पांडे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने वाला है. जिसके बाद एसटीएफ ने इस पर एक लाख का इनाम घोषित किया था. रविवार तड़के सरोजिनी नगर थाना इलाके में एसटीएफ ने उसकी घेराबंदी की तो उसने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी फायरिंग में हनुमान पांडे को गोली लगी और वह मारा गया.

गौरतलब है कि बागपत जेल में मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद राकेश पांडे मुख्तार अंसारी गैंग का बड़ा शूटर बन गया था. मऊ के कोपागंज का रहने वाला राकेश पांडे कई सनसनीखेज वारदातों में था शामिल. वह विधायक कृष्णानंद राय की हत्या के बाद से ही फरार हो गया था. इसके बाद वह बीच-बीच में वारदातों को अंजाम दे रहा था

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »