Monday , August 3 2026
Breaking News

बीजेपी सांसद वरुण गांधी का एक और ऑडियो वायरल, पार्टी नेताओं को ही बोल रहे अपशब्द

Share this

पीलीभीत. उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से बीजेपी सांसद वरुण गांधी इन दिनों अपने बयानों को लेकर चर्चा में हैं. लगातार दूसरे दिन सांसद वरुण गांधी का एक और ऑडियो वायरल हुआ है. इस वायरल ऑडियो में वरुण गांधी आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर रहे हैं. बीजेपी सांसद किसी और को नहीं, बल्कि पार्टी के ही पूर्व स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री विनोद तिवारी, किसान नेता बीएम सिंह और शहर सीट से मौजूदा बीजेपी विधायक संजय सिंह गंगवार को अपशब्द बोलते नजर आ रहे हैं. हालांकि, न्यूज18 इस वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है.

शहर से लगे नौगवां पकड़िया के रहने वाले सुमित सक्सेना ने अपने सांसद को फोन क्या कर लिया, उनकी तो शामत ही आ गई. सांसद को शक था कि वह पीठ पीछे उन्हें और उनकी मां मेनका गांधी को गाली देता है. फिर क्या था भड़के सांसद ने पूर्व मंत्री विनोद तिवारी और किसान नेता बीएम सिंह को अपशब्द कहते हुए कहा कि उनकी मां तो सुन भी लेती थीं, लेकिन उन्‍हें दोस्ती और दुश्मनी अच्छे से निभानी आती है. वायरल ऑडियो में वह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि लॉकडाउन के बाद आता हूं तो शहर विधायक संजय गंगवार को भी बुला लेता हूं, उसकी औकात मेरे सामने भौकने की भी नहीं है. उसकी औकात सिर्फ मेरी चप्पल उठाने की है.

बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने कॉलर सुमित सक्सेना को धमकाते हुए यह भी कहा मैं लॉकडाउन के बाद आता हूं तब पीलीभीत में या तो तुम रहोगे या वरुण गांधी रहेगा. एक को तो जिला छोड़ना ही पड़ेगा. गौरतलब है कि रविवार को भी वरुण गांधी का एक ऑडियो वायरल हुआ था. इसमें 10 बजे मदद के लिए फोन करने पर भड़के वरुण गांधी ने कहा था कि वह किसी के बाप के नौकर नहीं हैं.

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »