Thursday , August 6 2026
Breaking News

बंगाल चुनाव के बाद प्रशांत किशोर का बड़ा ऐलान, कहा- अब नहीं बनाऊंगा चुनावी रणनीति

Share this

नई दिल्ली. पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे रविवार को आ रहे हैं. इसके लिए मतगणना जारी है. इनमें से पश्चिम बंगाल से सामने आए रुझानों में ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को 200 से अधिक सीटें मिलती दिख रही हैं. वहीं बीजेपी 100 से नीचे सिमटती दिख रही है. ऐसे में ममता बनर्जी के लिए चुनावी रणनीति बनाने वाले प्रशांत किशोर ने रुझानों के बाद बड़ा ऐलान किया है. उनका कहना है कि वह अब चुनावी रणनीतिकार का काम नहीं करेंगे.

एनडीटीवी को दिए इंटरव्यू में उन्होंने साफतौर पर कहा है कि वह अब यह जगह खाली कर रहे हैं. उनका कहना है कि अब वह भविष्य में चुनावी रणनीति बनाने का काम नहीं करेंगे. प्रशांत किशोर ने कहा, मैं जो कर रहा हूं, अब मैं वो काम नहीं करना चाहता. मैंने बहुत कुछ किया है. अब मेरे लिए थोड़ा आराम करने का वक्त आ गया है और जीवन में कुछ और काम करने का भी. मैं अब यह जगह खाली करना चाहता हूं.

प्रशांत किशोर ने इस बार पश्चिम बंगाल चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के लिए चुनावी रणनीति बनाई थी. प्रशांत किशोर का कहना है कि लोकसभा चुनाव के दौरान ममता बनर्जी की रैलियों में भी बहुत ज्यादा भीड़ आती थी. इसके बावजूद वह 18 सीटें हारी थीं. भीड़ का मतलब सिर्फ वोट नहीं होता है. राज्य में बीजेपी ने भी 40 रैलियां की थीं. लेकिन इसका मतलब यह नहीं था कि टीएमसी हार जाएगी.

प्रशांत किशोर ने इंडिया टुडे से कहा कि बीजेपी को धर्म का इस्तेमाल करने देने से लेकर मतदान कार्यक्रमों और नियमों में ढील देने तक, चुनाव आयोग ने भगवा पार्टी की सहायता करने के लिए सब कुछ किया. इस तरह का पक्षपाती निर्वाचन आयोग कभी नहीं देखा, उसने भाजपा की मदद के लिए तमाम कदम उठाए

बता दें कि इससे पहले 21 दिसंबर, 2020 को प्रशांत किशोर ने पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर एक ट्वीट भी किया था. इसमें उन्होंने दावा किया था कि बीजेपी राज्य में डबल डिजिट पार करने में भी जद्दोजहद करेगी. अगर वो बेहतर प्रदर्शन करती है तो मैं यह स्थान खाली कर दूंगा.

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »