Sunday , May 5 2024
Breaking News

सदमा: अदाकरी का नायाब ‘नगीना’ काल ने हम सभी से छीना

Share this

मुंबई। अदाकारी का नायाब ‘नगीना’ श्री देवी को काल के क्रूर पंजो ने असमय उनके चाहने वालों को एक बड़ा ‘सदमा’ देते हुए छीन लिया। बेहद ही दिल को झकझोरने वाली खबर है कि बॉलीवुड फिल्मों की पहली महिला सुपरस्टार एक्ट्रेस श्रीदेवी का बीती रात दुबई के एक होटल में दिल का दौरा पड़ने से दुबई में निधन हो गया। बता दें कि श्रीदेवी अपने भतीजे की शादी में शामिल होने दुबई गई थीं।

मिली जानकारी के मुताबिक अंतिम संस्कार के लिए श्रीदेवी का पार्थिव शरीर को मुंबई लाया जाएगा। मुंबई एयरपोर्ट के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आज शाम तक श्रीदेवी के मृत शरीर को लाया जा सकता है।

गौरतलब है कि यूएई के नियमों के अनुसार, फिलहाल श्रीदेवी की डेड बॉडी स्थानीय पुलिस के कब्जे में है। बताया जा रहा है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद उनके परिजनों को डेड बॉडी सौंप दी जाएगी। यूएई में भारत के राजदूत भी श्रीदेवी के परिजनों के संपर्क में हैं।

फिल्म इंडस्ट्री में और इंडस्ट्री से बाहर श्रीदेवी के चाहने वालों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अपनी फेवरेट अभिनेत्री की मौत की खबर सुनकर फैंस दुखी हैं। जैसे ही उन्हें ये खबर मिली भारी संख्या में श्रीदेवी के फैंस उनके घर के बाहर इकट्ठा हो गए हैं। फैंस का कहना है कि वो ये सुनकर अभी भी शॉक्ड हैं और उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि अभिनेत्री अब इस दुनिया में नहीं रहीं।

जानकारी के मुताबिक, वे पति बोनी कपूर और छोटी बेटी खुशी के साथ दुबई में एक वेडिंग फंक्शन अटेंड करने गई थीं। लेकिन वहां, पर अभी कुछ देर पहले उन्हें अचानक मैसिव कार्डियक अरेस्ट हुआ और वे नहीं रही। जानकारी मिली है कि, श्रीदेवी की बड़ी बेटी जाह्ववी इसलिए दुबई नहीं गई क्योंकि वे अपनी आने वाली फिल्म धड़क को लेकर व्यस्त हैं।

श्रीदेवी 54 साल की थी। पिछले साल उनकी फिल्म मॉम आई थी। आपको बता दें कि, श्रीदेवी ने फिल्मों में अपने अभिनय से हमेशा प्रभावित किया। श्रीदेवी ने बॉलीवुड में कदम रखने से पहले तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड फिल्मों में काम किया था।

13 अगस्त 1965 को तमिलनाडु के शिवकासी में पैदा हुईं। बचपन से ही उन्होंने एक्टिंग शुरू कर दी। चार साल की उम्र में 1967 में श्रीदेवी ने तमिल फिल्म मुरुगा में बतौर चाइल्ड एक्टर अपना अभिनय दिखाया। इसके बाद 1975 में बॉलीवुड फिल्म जूली में बतौर चाइल्ड एक्टर काम किया। धीरे-धीरे फिल्में करते हुए एक मुकाम पर वो फीमेल सुपरस्टार बन गई थीं। जिसके लिए सरकार ने उन्हें 2013 में पद्मश्री से भी नवाजा था।

तकरीबन चार दशकों तक सिल्वर स्क्रीन पर चांदनी बिखेरनी वाली श्रीदेवी ने हाल ही में मॉम फिल्म में अहम रोल निभाया था। इससे पहले इंग्लिश विंग्लिश मूवी में कमबैक कर उन्होंने पर्दे पर जबरदस्त वापसी की थी। श्रीदेवी के साथ खुदा गवाह, मिस्टर इंडिया और चांदनी जैसी बड़ी सुपरहिट फिल्मों के नाम भी जुड़े हैं। इसके अलावा हिम्मतवाला, तोहफा, नगीना, औलाद, हीर रांझा, रूप की रानी चोरों का राजा, लाडला, जुदाई जैसी यादगार फिल्मों में भी अभिनय दिखाया।

 

 

Share this
Translate »