Thursday , August 6 2026
Breaking News

वाराणसी को सीएम योगी का गिफ़्ट: अब काशी से चलकर विंध्याचल धाम तक जाएगा क्रूज

Share this

वाराणसी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में एक नई शुरूआत होने जा रही है. 5 सितंबर से क्रूज़ काशी से चलकर विंध्याचल धाम तक जाएगा. यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी के गंगा में चलने वाली क्रूज़ का दायरा बढ़ा दिया है. अब ये क्रूज़ काशी से मिर्ज़ापुर जिले तक जाएगी. पर्यटकों को चुनार का किला भी दिखाएगी और शूलटंकेश्वर महादेव मंदिर के दर्शन भी कराएगी. अब लोग लाइव म्यूजिक और बनारसी खान-पान के साथ गंगा की लहरों पर क्रूज़ का आनंद ले सकते है. क्रूज़ पर शादी, सत्संग,पार्टी और कांफ्रेंस भी किया जा सकता है.

गंगा की लहरों पर अब रो-रो बोट (रोल-आन-रोल-आफ पैसेंजर शिप) सैम माणिक शाह क्रूज़ पर्यटकों को काशी से मिर्ज़ापुर तक की सैर कराएगी. साथ ही शूलटंकेश्वर मंदिर में भी दर्शन कराएगी. 5 सितम्बर से शुरू होने वाली क्रूज़ वाराणसी के रविदास घाट से सुबह 9 बजे चलेगी और करीब डेढ़ घंटे में प्राचीन शूलटंकेश्‍वर महादेव मंदिर पहुंच जाएगी, जहां प्राचीन और धार्मिक मान्यता वाले गंगा किनारे स्थापित शूलटंकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन कराएगी. यहां से करीब 3 से 4 घंटे में मिर्जापुर जिले पहुंचकर वहां के ऐतिहासिक चुनार के किले का भ्रमण कराएगी. आठ घंटे की यात्रा सुबह 9 बजे रविदास घाट से शुरू होगी. शाम छह बजे तक क्रूज पर्यटकों को लेकर उसी दिन वापस काशी पहुंच जाएगा.

अलकनन्दा क्रूज़ लाइन के डायरेक्टर विकास मालवीय ने बताया कि क्रूज़ में सिर्फ आपको आना है. क्रूज़ में मनोरंजन और बनारसी खान पान का पूरा इंतज़ाम अलकनंदा की ओर से रहेगा. सुबह नाश्ते से लेकर ,दोपहर का खाना और शाम  का नास्ता भी रहेगा. लाइव म्यूजिक का आनंद लेते हुए आप 140 किलोमीटर की  गंगा यात्रा में धार्मिक दर्शन भी होगा.

वहीं पर्यटक भारत की समृद्ध विरासत वाले ऐतिहासिक किला भी देखेंगें. साथ में अनुभवी टूरिस्ट गाइड की टीम भी होगी,  जो इस यात्रा के धार्मिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक पहलुओं की जानकारी भी देते रहेंगे. सभी अत्याधुनिक सुविधाओं समेत ये यात्रा प्रति व्यक्ति महज़ 3000 रूपये में होगी और 10 लोगों का टिकट  एक साथ लेते है तो दो लोगों का टिकट मुफ्त होगा. आने वाले समय में क्रूज पर कैथी स्थिति मार्कंडेय महादेव मंदिर तक भी पर्यटकों जा सकेंगे. नार्थ इंडिया की ये अपनी तरह की पहली पर्यटन की सेवा होगी.

15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से चलने वाले इस क्रूज़ में दो फ्लोर है. इसमें करीब 250 लोग बैठ सकते हैं. क्रूज़ पूरी तरह एयरकंडिशंड है. सुरक्षा की दृष्टि से ये क्रूज़ अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप है और सुरक्षा के सभी उपकरणों से लैस है. अभी शुरूआत में क्रूज़ हर रविवार को उपलब्ध होगी. पर्यटकों के रिस्पांस को देखते  हुए क्रूज का फेरा बढ़ाया जा सकता है. क्रूज़ में शादी या दूसरे मांगलिक कार्यकर्मो के साथ सत्संग आदि के कार्यक्रम भी किए जा सकते है. बिज़नेस मीटिंग और कांफ्रेंस  की भी सुविधा क्रूज़ में है.

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »