Thursday , August 6 2026
Breaking News

UP: बेखौफ दरिंदों ने महिला को बनाया शिकार, मासूम को दरिंदगी के बाद दिया मार

Share this

लखनऊ। प्रदेश में सरकार और पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद भी दरिंदगी के मामलों में कमी नही आ रही है बल्कि वो इतने बेखौफ और दुस्साहसी हो गए हैं कि उन्होंने बीते चौबीस घण्टों में जहां जनपद फर्रूखाबाद में एक बच्ची को सोते से उठा ले जाकर वहशी दरिंदों ने हैवानियत की और बाद में निर्मम हत्या कर दी। इसके साथ ही जनपद अम्बेडकर नगर में घर के बाहर बैठी महिला को भी दरिंदों ने अपना शिकार बनाने के बाद उसकी हत्या की कोशिश की जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में उस वक्त हड़कंप मच गया जब 5 वर्षीय दलित बच्ची का अर्धनग्न अवस्था में शव मिला। मामला कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के ग्राम नगला पजाबा का है। यहां की रहने वाली एक 5 वर्षीय बच्ची अपने मां-बाप के साथ शादी समारोह में शामिल होने गई थी। 18 जुलाई विवाह की रात बच्ची अपनी मां के साथ छत पर सो रही थी।

इस दौरान बारात आने पर उसकी मां बारात देखने चली गई और बच्ची वहां पर ही सोती रही। करीब 1 घंटे बाद बच्ची को उसकी मां देखने गई तो वह नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने बच्ची को काफी तलाशा, लेकिन वह नहीं मिली। थक हार कर परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

वहीं शनिवार को चांदपुर निवासी नन्हे लाल किसी काम से पूर्व प्रधान अखिलेश कटियार के खेत में गए तो उनको मौके पर बच्ची की अर्धनग्न लाश मिली। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना बच्ची के परिजनों को दी। तभी बच्ची के परिजन और एसपी अतुल शर्मा, एएसपी त्रिभुवन सिंह, सीओ रामशरन सिंह सरोज, प्रभारी निरीक्षक राजेश पाठक व डॉग स्कवॉड व फिल्ड यूनिट मौके पर पंहुंची।

डॉग स्कवॉड के माध्यम से पता लगाने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बच्ची के साथ रेप की आशंका जताई जा रही है। इस मामले में एसपी अतुल शर्मा ने बताया कि घटना के संबंध में जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा जा रहा है।

वहीं दूसरा मामला जनपद अम्बेडकर नगर के मालीपुर थाना क्षेत्र का है। यहां शुक्रवार को एक महिला अपने घर के बाहर बैठी थी। इस दौरान कुछ युवक महिला से शौच जाने के लिए बोतल मांगने लगे। महिला ने जब युवकों को बोतल दी तो उन्होंने महिला को दबोच लिया। महिला का मुंह दबाकर वह उसे घर की कुछ दूरी पर ले गए। यहां उन्होंने महिला के साथ गैंगरेप किया। इस दौरान महिला ने युवकों का विरोध किया तो दरिंदों ने हत्या के इरादे से महिला के सिर पर ईंट पत्थर मारकर बुरी तरह से कूंच दिया। जिससे महिला बेहोश हो गई।

वहीं कुछ देर बाद महिला को होश आया तो वह घर पहुंची। यहां उसने पति को आपबीती सुनाई। जिसके बाद पति ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। साथ ही महिला को जिला अस्पताल भर्ती कराया। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

इस मामले में लापरवाही दिखाते हुए पुलिस ने काफी देर बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि इस मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »