Wednesday , August 5 2026
Breaking News

विवेक हत्याकाण्ड को लेकर मायावती ने योगी सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

Share this

लखनऊ। बसपा सुप्रीमों मायावती ने प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हुए खौफनाक एवं सनसनीखेज विवेक हत्याकाण्ड पर योगी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इस सरकार में ब्राह्मणों का शोषण हो रहा है। पूरे प्रदेश में भय का माहौल व्याप्त है।

गौरतलब है कि मायावती लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस कर मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दे रही थीं। उन्होंने कहा कि हत्याकांड की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए लेकिन सरकार इस मामले पर सिर्फ खानापूर्ति कर रही है। अब तक अफसरों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। अगर मैं मुख्यमंत्री योगी की जगह होती तो अब तक अफसरों के खिलाफ एक्शन ले लेती।

इतना ही नही बल्कि उन्होंने ये भी कहा कि जिस तरह से योगी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और मदद का आश्वासन दिया। ऐसा करके सरकार किसी तरह मामले को दबाना चाहती है। सिर्फ इतना करने से ही काम नहीं चलेगा। जब प्रदेश की राजधानी में ये हाल है तो पूरे प्रदेश की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

इसके साथ ही मायावती ने कहा कि ऐसा लगता है कि प्रदेश में अब कानून-व्यवस्था नाम की चीज नहीं है। चुनाव में भाजपा ने सपने दिखाए थे कि कानून का राज स्थापित होगा लेकिन हर वादे की तरह ये भी हवाहवाई साबित हुआ। वहीं उन्होंने कहा कि हमने सतीश चंद्र मिश्रा जी को पीड़ित परिवार से मिलने भेजा है। सतीश वकील हैं। अगर परिवार चाहे तो वह (सतीश) मामले की पैरवी करने के लिए भी तैयार हैं।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »