Wednesday , August 5 2026
Breaking News

मोदी के स्वदेशी विजन को पूरा करने में यूपी सक्षम: गडकरी

Share this

लखनऊ. गंगा को उत्तर प्रदेश का ग्रोथ इंजन बताते हुये केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वदेशी विजन को पूरा करने की क्षमता यूपी में है लेकिन इसके लिए प्रदेश को अपने संसाधनों का भरपूर उपयोग करना होगा. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ढांचागत परियोजनाओं पर आधारित आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत आयोजित जनसंवाद में इन्फ्रास्ट्रकचर से जुडे लोगों से बातचीत में गडकरी ने कहा कि अगर विजन विकास का हो, देश हित मे हो और क्रियान्वयन सही तरीके से हो तथा निर्णय में पारदर्शिता हो तो देश की उन्नति को कोई रोक नही सकता.

इसी विचार के साथ मोदी सरकार काम कर रही है. कानपुर से लेकर वाराणसी तक आज गंगा नदी 80 प्रतिशत तक साफ हो गई है. उन्होने कहा ‘‘ सुखी, समृद्ध भारत का निर्माण एवं गांव, गरीब, किसान का कल्याण करने वाला देश का निर्माण हो, यही हमारी विचारधारा है. यही भाजपा का चिंतन है और यही पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार हैं. योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश लगातार केंद्र के साथ कदमताल करते हुए उन्नति के लिए काम कर रहा है.

गडकरी ने कहा कि यूपी के पास गन्ना मिलों का प्रचुर क्षेत्र है. प्रदेश के गन्ना किसानों को उद्यमी बनना होगा. केवल एथेनाल का अगर उपयोग किया जाए तो प्रदेश सबसे बडा एक्सपोर्टर बन सकता है. किसानों को गन्ना का उचित मूल्य देने और गन्ने के हर भाग को उद्यम से जोड़ने पर किसानों को भारी लाभ होगा. बैंकों से बात करके मिलों को चलाना चाहिये और भारी मात्रा में एथनॉल का उत्पादन करना चाहिए. गडकरी ने कहा कि यूपी में कम से कम सौ एयरपोर्ट बनाने की क्षमता है. 

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »