Tuesday , August 4 2026
Breaking News

मुख्यमंत्री योगी के किले में कांग्रेस की चुनौती, गोरखपुर में गांव-गांव प्रवास कर रहे कांग्रेस नेता

Share this

लखनऊ ! उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने तीन दिन चलने वाले महाजनसंपर्क अभियान के पहले दिन गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के क्षेत्र गोरखपुर से शुरुआत की और जिले के सभी 186 ग्राम पंचायतों में लोगों से संपर्क किया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कार्यकर्ताओं के साथ गांव-गांव जाकर महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं से बातचीत की और उनके क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की। दिन में किसानों के बीच चौपाल लगाकर किसानों की समस्याओं पर चर्चा हुई, तो रात्रि प्रवास में युवाओं की बेरोजगारी पर बातचीत हुई। कार्यक्रम के अंत में हर ग्राम पंचायत में एक-एक गांव अध्यक्ष की नियुक्ति की जाएगी जो कांग्रेस का संदेश अन्य लोगों तक पहुंचाने का काम करेंगे।
लोगों को सुना रहे प्रियंका गांधी के संदेश
इस महाजनसंपर्क अभियान में कांग्रेस कार्यकर्ता लोगों को प्रियंका गांधी के संदेश सुना रहे हैं। इस पत्र में लोगों को स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ की बधाई दी गई है। इसके साथ ही लोगों से उत्तर प्रदेश के अच्छे दिनों को एक बार फिर वापस लाने का संकल्प लिया जा रहा है। नेताओं का दावा है कि जनता प्रियंका गांधी में इंदिरा गांधी की छवि देख रही है और उनके जरिए यूपी को एक बार फिर विकास की पटरी पर दौड़ने की बात कर रही है।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने अमर उजाला से कहा कि कांग्रेस के शासन में उत्तर प्रदेश पूरे देश का सिरमौर हुआ करता था। वह राजनीति ही नही, हर मामले में देश की अगुवाई किया करता था। लेकिन आज उत्तर प्रदेश को पिछड़ा बना दिया गया है। यहां के युवा, किसान, महिलाएं और बुजुर्ग हर तरह से परेशान हैं। कांग्रेस की इस यात्रा में लोगों को कांग्रेस के उन दिनों की याद कराई जा रही है और बताया जा रहा है कि कांग्रेस का शासन आने पर ही उत्तर प्रदेश की समस्याओं का समाधान हो सकेगा।

अजय कुमार लल्लू ने कहा कि आज समाज के हर वर्ग में सरकार के लिए गुस्सा है। इस गुस्से को परिणाम तक ले जाना विपक्षी दलों की जिम्मेदारी है, जिसके लिए हम दिन-रात जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि गांव सभाओं में लोगों का दर्द उभर कर सामने आ रहा है। उन्होंने दावा किया कि जनता को इस दर्द से मुक्ति दिलाने के लिए कांग्रेस हर संभव प्रयास करेगी।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »