Thursday , August 6 2026
Breaking News

अखिलेश बोले- जनता हो चुकी है भाजपा के खिलाफ, लोकसभा चुनाव में करेगी इंसाफ

Share this

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मोदी सरकार को विभिन्न मुद्दों पर आड़े हाथों लेते हुए कहा कि देश में हर वर्ग बेहद दुश्वारी में जी रहा है और भाजपा ने अपना कोई भी वादा अभी तक पूरा नही किया। जिसके चलते यह साफ हो चुका है कि अगला लोकसभा चुनाव पूरी तरह से चेहरे के बजाय मुद्दों पर ही होगा।

गौरतलब है कि अखिलेश यादव ने मंगलवार को औपचारिक बातचीत के दौरान कहा कि देश में किसान आत्महत्या कर रहा है। नौजवानों को नौकरी नहीं है। देश में यही स्थिति रही तो नौजवानों की एक पूरी पीढ़ी निकल जाएगी जिसे नौकरी नहीं मिलेगी। मजदूरों के काम छिन गए हैं। भाजपा सरकार ने जनता से किया गया कोई वादा पूरा नहीं किया। नोटबंदी में जनता का सारा पैसा बैंकों में जमा करा दिया। गरीबों का पैसा अमीर लोग लेकर विदेश भाग गए। नोटबंदी से देश का नुक्सान हुआ है। जी.एस.टी. से व्यापार प्रभावित हुआ है।

उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर देश में हर वर्ग बेहद दुश्वारी में जी रहा है और भाजपा ने अपना कोई भी वादा अभी तक पूरा नही किया। जिससे यह साफ है कि लोकसभा चुनाव में केंद्र की मोदी सरकार को इन मुद्दों पर जवाब देना होगा। और इसी के साथ ये भी तय हो गया है कि अगला लोकसभा चुनाव चेहरे के बजाय ठोस मुद्दों पर ही होगा।  इतना ही नही यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। नोटबंदी और जी.एस.टी. ने देश की अर्थव्यवस्था को पीछे धकेल दिया।

उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टियों का लक्ष्य अधिक से अधिक सीटें जीतने का है। समाजवादी पार्टी का लक्ष्य है कि वह उत्तर प्रदेश में ज्यादा से ज्यादा लोकसभा की सीटें जीते। अखिलेश यादव ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के 5 बजट हो गए लेकिन देश में न कोई एक्सप्रेस- वे बनाया और न किसी राज्य में कोई मैट्रो का काम कराया।

वहीं भाजपा द्वारा किये गये वादों को पूरा न करने पर उन्होंने कहा कि चुनाव में भाजपा की तरफ से वादा किया गया था कि गरीबों के खातों में 15- 15 लाख रुपए भेजे जाएंगे लेकिन जनधन के खाते खाली पड़े हुए हैं। 2 करोड़ रोजगार देने का वादा भी पूरा नहीं किया। गंगा नदी की सफाई का वादा किया था वह भी पूरा नहीं किया। देश का कोई शहर स्मार्ट सिटी नहीं बन पाया।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता राज्य की भाजपा सरकार और केंद्र की मोदी सरकार से बहुत नाराज है। जनता ने गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा उपचुनाव में भाजपा को हराकर अपनी नाराजगी दिखा दी है। आने वाले लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा को उसके झूठे वादों के लिए सबक सिखाएगी। प्रधानमंत्री पद के सवाल पर यादव ने कहा कि वह किसी पद की दौड़ में नहीं हैं।

वहीं जबकि राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने के सवाल पर यादव ने कहा कि वह बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं लेकिन अभी सभी पार्टियों का लक्ष्य होना चाहिए कि अधिक से अधिक लोकसभा सीटें जीतें। कर्नाटक में जनता दल सैकुलर और कांग्रेस सरकार के गठन के शपथ ग्रहण में जाने के सवाल पर यादव ने कहा कि वह कुमारस्वामी को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई देने के लिए जा रहे हैं।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »