नई दिल्ली। देश भर में अपनी मांगो को लेकर जारी किसानों के जबर्दस्त आंदोलन के बीच मध्य प्रदेश में दो किसानों द्वारा कर्ज न चुका पाने के चलते आत्महत्या किये जाने का मामला सामने आया है।
मिली जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश के बालाघाट में कर्ज से परेशान एक किसान ने जहर पीकर जान दे दी। कर्ज की वजह से जान देने का यह मामला वारासिवनी इलाके के कासपुर का है, जहां पर किसान ने कर्ज न चुका पाने की वजह से मौत को गले लगा लिया। मृतक किसान का नाम धनलाल पिता विट्ठोबा भोपटे था।
बताया जा रहा है कि उनके ऊपर करीब एक लाख पचास हजार रूपए का कर्ज था। यह कर्ज उन्होने पंजाब नेशनल बैंक से किसान क्रेडिट कार्ड के जरिए लिया था, लेकिन कुछ वजह से वह इस कर्ज को चुका नहीं पा रहे थे और इसी बात को लेकर मृतक की अपने छोटे बेटे से कुछ दिन पहले लड़ाई हुई थी इसके बाद उन्होने जहर खा लिया था, आज उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के पास सिर्फ 4 एकड़ जमीन है। किसान आंदोलन के चलते मृतक किसान के घर पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। किसान की मौत की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी उनके घर पर पहुंच गए थे।
इसके साथ ही खंडवा में भी कर्ज के बोझ में दबे एक ओर किसान ने खुदकुशी कर ली। 55 साल के जयपाल सिहं पिता हरीसिंह ने कर्ज के चलते परेशान होकर जहर पी लिया। मृतक पुरानी पुर्नवास के रहने वाले थे। मृतक के पुत्र ने बताया कि उनके ऊपर सोसायटी और बैंक के अलावा प्रायवेट कर्ज भी था।
Disha News India Hindi News Portal