Thursday , August 6 2026
Breaking News

Asian Games: अरपिंदर के बाद स्वप्ना के नाम गोल्ड , दुती चन्द ने पाया सिल्वर

Share this

जकार्ता। भारत के लिए 18वें एशियन गेम्स में आज का दिन भी काफी अच्छा रहा। भारत को बुधवार को एथलेटिक्स में दो स्वर्ण पदक प्राप्त हुए। अरपिंदर सिंह ने पुरुषों की ट्रिपल जंप का स्वर्ण पदक जीतने के बाद स्वप्ना बर्मन ने महिला हैप्टाथलॉन में सुनहरी सफलता हासिल की। भारत की स्टार एथलीट दुती चंद ने महिला 200 मीटर दौड़ में रजत जीता।

इस तरह से भारत अब 11 स्वर्ण, 20 रजत और 23 कांस्य समेत कुल 54 पदक जीतकर पदक तालिका में नौवें क्रम पर है। भारतीय मुक्केबाज अमित पंघाल और विकास कृष्णन ने अपने-अपने वर्गों के सेमीफाइनल में पहुंचकर कम से कम दो कांस्य पदक पक्के कर दिए।

आज हुए मुकाबले में अरपिंदर ने 16.77 मीटर की छलांग के साथ पहला स्थान हासिल किया। उजबेकिस्तान रुस्लान कुर्बानो (16.62 मीटर) ने रजत और चीन के काओ शुओ (16.56 मीटर) ने कांस्य पदक जीता। जबकि भारत के ही राकेश बाबू 16.40 मीटर की छलांग के साथ इस इवेंट में छठे स्ठान पर रहे।

गौरतलब है कि भारत को अरपिंदर ने 48 साल बाद ट्रिपल जंप में गोल्ड मेडल दिलाया। ट्रिपल जंप में यह भारत का छठा पदक है हालांकि इनमें से तीन बार ही भारतीय खिलाड़ी गोल्ड जीत पाए हैं। ट्रिपल जंप में भारत के लिए आखिरी गोल्ड साल 1970 में मोहिंदर सिंह गिल ने जीता था।

इसी प्रकार स्वप्ना ने हैप्टाथलॉन के तहत 800 मीटर दौड़ में 2 मिनट 21.13 सेकंड के साथ 808 अंक हासिल किए। उन्होंने कुल 6026 अंकों के साथ इस सात स्पर्धाओं के इवेंट में पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। चीन की वेंग क्विलिन ने 5954 अंकों के साथ रजत और जापान की युकी यामासाकी ने 5873 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता।

साथ ही दुती चंद महिला 200 मीटर दौड़ के फाइनल में 23.20 सेकंड के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। बहरीन की इडिडियोंग ओडियोंग ने 22.96 सेकंड के साथ पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। चीन की योंगली वेई ने 23.27 सेकंड के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। दुती का यह इन गेम्स में दूसरा रजत पदक है, वो इससे पहले 100 मीटर दौड़ में भी रजत पदक हासिल कर चुकी थी।

दुती ने मंगलवार को सेमीफाइनल की पहली हिट में 23.00 सेकंड के साथ पहला स्थान हासिल किया था, इसलिए उनसे स्वर्ण पदक की उम्मीद की जा रही थी लेकिन वो अपने प्रदर्शन को दोहरा नहीं सकी।

वहीं अमित पंघाल ने 49 किग्रा वर्ग में उत्तर कोरियाई बॉक्सर किम जांग रियांग को 5-0 से हराकर किया सेमीफाइनल में प्रवेश किया। अब उनका मुकाबला फिलीपींस के कार्लो पाल्लम से होगा। विकास ने 75 किग्रा वर्ग में चीन के इरबेक तंगलाथियान को 3-2 से हराया। अब उनका मुकाबला कजाकिस्तान के अमानुल आबिलखान से होगा।

भारतीय महिला स्क्वॉश टीम ने ग्रुप स्तर में खेले गए मैच में जीत हासिल की। पूल-बी में भारत ने चीन को 3-0 से हराया। भारतीय टीम में जोशना चिनप्पा, दीपिका पल्लीकल, सुनयना और तन्वी खन्ना शामिल हैं।

भारत के नाओचा सिंह और चिंग सिंह की भारतीय जोड़ी ने 18वें एशियाई खेलों में 11वें दिन बुधवार को नौकायन में पुरुषों की कयाक युगल-1000 मीटर स्पर्धा के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। नाओचा और चिंग की जोड़ी को इस स्पर्धा की अंतिम सूची में 11वां स्थान हासिल हुआ।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »