Thursday , August 6 2026
Breaking News

कांग्रेस आज इस मुकाम पर खड़ी है, छोटे-छोटे दलों के पैरों में पड़ी है: मोदी

Share this

भोपाल। प्रधानमंत्री मोदी ने आज कांग्रेस द्वारा लगातार जारी हमलों और आरोपों पर बखूबी जवाबी हमला बोलते हुए कहा कि  कांग्रेस पराजय के भय से गठबंधन करने पर आ गयी है। सत्ता के नशे में छोटी-छोटी पार्टियों को कुचल देने वाली कांग्रेस आज उन्हीं छोटे दलों के पैरों में पड़ी है। कांग्रेस ने मुझे गालियां देने में शक्ति लगा दी। डिक्शनरी से ढूंढकर गालियां दी जा रही हैं। जितना कीचड़ उछालना हो उछाल लो लेकिन कीचड़ में ही कमल खिलता है।

गौरतलब है कि बिना राहुल का नाम लिए पीएम ने कहा कि मेरे खिलाफ झूठ का बवंडर रचा जा रहा है। जाति का जहर नहीं चलेगा। कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए उन्होंने कहा, ‘जो पार्टी 125 सालों से भी पुरानी हो, जिस पार्टी के अनेकों भूतपूर्व राज्यपाल हो, फिर ऐसा क्या हुआ कि इतनी बड़ी पार्टी को सूक्ष्मदर्शी यंत्र लेकर निकलना पड़ता है कि देश में कहीं बचे हैं की नहीं और इतनी पराजय के बाद भी कांग्रेस सुधरने को तैयार नहीं है। सत्ता जाने के बाद कांग्रेस ने संतुलन भी खो दिया है।’

इतना ही नही  पीएम ने कांग्रेस पर देश के बाहर गठबंधन करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हिन्दुस्तान में गठबंधन करने में सफल नहीं हो रही है तो वो भारत के बाहर गठबंधन खोज रही है। कांग्रेस पार्टी ने सत्ता खोने के बाद अपना संतुलन भी खो दिया है। कांग्रेस पार्टी देश के ऊपर अब बोझ बन गयी है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि जिस कांग्रेस ने मध्य प्रदेश और यहां की जनता से दुश्मनी रखी हो उसे सजा देने का मौका मध्य प्रदेश की जनता के पास आ गया है।

दरअसल आज भोपाल के जंबूरी मैदान से पीएम मोदी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे इस दौरान उन्होंने कहा कि जब तक दिल्ली में यूपीए की सरकार थी तब तक वो भाजपा की राज्य सरकारों और वहां की जनता के प्रति दुश्मनी का भाव पालकर बैठे थे। उन्होंने खुद को भाग्यवान बताते हुए कहा कि पता नहीं किस जन्म में हमने कितने पुण्य किए जिससे कि इस महान पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में मुझे मां भारती की सेवा करने का मौका मिला है। पीएम ने कहा कि सबका साथ सबका विकास केवल चुनावी नारा नहीं है।

पीएम से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि देश के 70 प्रतिशत भू-भाग पर आज भारतीय जनता पार्टी की सरकारें मोदी जी के नेतृत्व में जनता की सेवा कर रही है। भारतीय जनता पार्टी को देश के हर बूथ और हर गांव तक पहुंचाने का काम हम सभी कार्यकर्ताओं को करना है। आज हम सब संकल्प लेकर जाएं कि आने वाले 5 चुनावों और आने वाले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का ध्वज फिर से ऊंचा करने का काम करें।

शाह ने कार्यकर्ताओं से कहा, ‘देश में घोटाले करने वाली, नीतिगत फैसले नहीं लेने वाली, देश की सुरक्षा को ताक पर रखने वाली कांग्रेस पार्टी किस मुंह से जनता से वोट मांगेगी। मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य बना देनी वाली कांग्रेस पार्टी क्या राजा, महाराजा या फिर उद्योगपतियों के नाम पर जनता से वोट मांगेगी।’

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »