Thursday , August 6 2026
Breaking News

जब कुनबे में जारी है जोरदार रण, मुलायम ने दिया क्या खूब उदाहरण

Share this

लखनऊ।  मुलायम सिंह की सियासत को समझ पाना अच्छे अच्छों के बस की बात नही है वो कब क्या कह जायें और कब क्या कर जायें ये समझ पाना मुश्किल ही नही नामुमकिन सा है। इसकी ही बानगी है जहां उन्होंने दिल्ली में एक कार्यक्रम में अखिलेश के साथ मंच साझा कर कार्यकर्ताओं को अहम संदेश दिया था वहीं अब राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर उन्होंने छोटे भाई की बात कर एक और दांव चला।

गौरतलब है कि डॉ. राममनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर लोहिया ट्रस्ट कार्यालय में समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के कार्यक्रम में शामिल हुए मुलायम सिंह यादव ने कहा कि गलत काम का विरोध होना चाहिए। इतना ही नही बल्कि उन्होंने अन्याय के खिलाफ विरोध दर्ज करने की वकालत करते हुए कहा यदि बड़ा भाई भी अपने छोटे भाई के साथ अन्याय करे तो उसका विरोध करो। यह लोहिया जी की विचारधारा थी और मैं भी इससे सहमत हूं।

उन्होंने कहा कि अन्याय कहीं भी हो, परिवार में हो, गांव में हो, शहर में हो, विरोध करना चाहिये। लोहिया जी ने भी हमेशा न्याय का साथ दिया और हर जगह पर अन्याय का विरोध किया।  समाजवादी सेक्युलर पार्टी के संयोजक शिवपाल यादव ने शुक्रवार को समाजवाद के पुरोधा डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुण्य तिथि पर लोहिया ट्रस्ट में एक कार्यक्रम का आयोजन किया था। मुलायम सिंह यादव सुबह समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के कार्यक्रम में पहुंचे थे।

वहीं जबकि इस अवसर पर समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के संयोजक शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि नेताजी (मुलायम सिंह यादव) का आशीर्वाद हमारे साथ था, है और रहेगा। उन्होंने कहा कि हम तो राजनीति में नेताजी के आदर्श पर चलते हैं। नेताजी हमारे साथ हैं तो हम लोग डॉ. लोहिया के आदर्शों पर चलते हुए क्रांति लाएंगे। हम तो देश व प्रदेश में परिवर्तन लाएंगे।

ज्ञात हो कि मुलायम सिंह यादव गुरूवार को लखनऊ में रहने के बाद भी समाजवादी पार्टी(सपा) के उस कार्यक्रम में नहीं गए थे, जिसमें भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा के साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा भारतीय जनता पार्टी( भाजपा) के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम का आयोजन जयप्रकाश नारायण की जयंती पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किया था।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »