Thursday , August 6 2026
Breaking News

दिग्गज राजनेता एन. डी. तिवारी का पार्थिव शरीर अन्तिम दर्शन के लिये लखनऊ लाया गया

Share this

लखनऊ। राजकीय सम्मान के साथ आज शनिवार को उत्तर प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री रहे दिग्गज राजनेता नारायण दत्त तिवारी का पार्थिव शरीर अन्तिम दर्शन के लिये नई दिल्ली से राजधानी लखनऊ में लाया गया।

ज्ञात हो कि तिवारी का गत गुरुवार को दिल्ली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था। वह 93 वर्ष के थे। वह लम्बे समय से बीमार चल रहे थे। श्री तिवारी का अंतिम संस्कार रविवार को हल्द्वानी में राजकीय सम्मान के साथ किया जायेगा।

इस दौरान प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा शनिवार श्री तिवारी का पार्थिव शरीर लेकर करीब एक बजे अमौसी हवाई अड्डे पहुंचे। हवाई अड्डे पर जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित, कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुण जोशी, स्वाति सिंह के अलावा मंत्रिमडल के कई सहयोगियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

वहीं इस अवसर पर समाजवादी पार्टी (सपा) के अखिलेश यादव ने भी श्री तिवारी को श्रद्धांजलि दी। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए लखनऊ स्थित विधानभवन में रखा गया। रविवार को उनका पार्थिव शरीर हल्द्वानी ले जाया जायेगा जहां उनका अन्तिम संस्कार किया जायेगा। श्री तिवारी के पार्थिव शरीर के साथ पत्नी उज्ज्वला तिवारी और पुत्र रोहित शेखर भी आये थे।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »