Thursday , August 6 2026
Breaking News

खाकी पर दाग लगने का सिलसिला जारी, अब डायल 100 के सिपाही ने महिला को गोली मारी

Share this

लखनऊ। प्रदेश के जनपद मेरठ में डायल 100 पर तैनात एक सिपाही द्वारा महिला को गोली मारे जाने से हड़कम्प मच गया। हालांकि मामला घरेलू विवाद का निकला क्योंकि गोली से घायल महिला उक्त सिपाही की चचेरी बहन है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी सिपाही की तलाश शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के मुताबिक जनपद मेरठ के दादरी गांव निवासी मांगेराम और राम सिंह रिश्ते में भाई हैं। दोनों के मकान आसपास है। मकान की एक ही दीवार होने के कारण दोनों में आए दिन विवाद रहता है। कुछ समय पहले हुई पंचायत में भी दीवार को राम सिंह के पक्ष में कर दिया था, लेकिन उसके बाद भी दोनों पक्षों में तनातनी चली आ रही है।

बताया जा रहा है कि मांगे का बेटा विपिन छुट्टी पर घर पर आया हुआ था। वह शामली जनपद में सिपाही है और 100 डायल में तैनात है। वहीं जब बुधवार शाम वह दीवार में कील ठोक रहा था। तब अचानक इसी बीच राम सिंह की बेटी संध्या ने विरोध कर दिया। जिसके चलते दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर आमने सामने आ गए। इसी बीच विपिन ने गोली चला दी जो संध्या की छाती में जा लगी। चीख पुकार मची तो आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए।

वहीं अचानक यूं गोली चलने पर आनन फानन में ग्रामीणों ने फोन करके इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायल महिला को मोदीपुरम के एसडीएस ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि आरोपी सिपाही विपिन मौके से फरार हो गया। वहीं सीओ तथा इंस्पेक्टर दौराला मिथुन दीक्षित भी मयफोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घायल का हालचाल जाना। पीड़ित राम सिंह ने आरोपी विपिन के खिलाफ दौराला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी।

वहीं इस बाबत इंस्पेक्टर दौराला ने बताया कि दोनों पक्षों में दीवार को लेकर विवाद चला आ रहा था। दीवार के विवाद में ही विपिन ने गोली चलाई है। गोली तमंचे की है या बंदूक की इसकी पुलिस जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ दबिश दी गई, लेकिन आरोपी फरार है।  घायल के पिता ने सिपाही के खिलाफ तहरीर दी है, उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी, तलाश में टीम भेज दी है। मामले की जांच की जा रही है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »