Thursday , August 6 2026
Breaking News

शर्मनाकः बेटियों की सुरक्षा के लचर रवैये ने दरिन्दों का हौसला बढ़ाया, उन्नाव में पीड़िता को जिंदा जलाया और आगरा में फंदे से लटकाया

Share this

नई दिल्ली। देश भर में जहां एक तरफ हाल ही में हैदराबाद में एक महिला चिकित्सक के साथ हुई दरिन्दगी और उसके बाद जिंदा जला देने की घटना को लेकर आम जनमानस तथा महिलाओं का आक्रोश उबाल पर है। लेकिन बेहद ही अफसोस और चौंकाने वाली बात ये है कि सरकार द्वारा बनाये गए सख्त कानून और लोगों के आक्रोश का भय कतई इन विक्षिप्त मानसिकता वाले हैवानों को नही रहा है। जिसकी बानगी है कि देश के सबसे अहम सूबे उत्तर प्रदेश में ही तीन अलग-अलग जनपदों में बेखौफ इन हैवानों ने दिल को झकझोरने वाली दरिंदगी की घटनाओं को अंजाम दिया। हद की बात ये है कि अधिकांशतः ऐसी घटनाओं में पुलिस का लचर रवैया काफी हद तक इन हैवानों का हौसला बढ़ाने में सहायक साबित होता नजर आया है। 

गौरतलब है कि एक तरफ जब पूरा देश निर्भया और हैदराबाद कांड के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहा है, तब भी हमारे समाज में यह विक्षिप्त मानसिकता वाले हैवान बिना किसी भय के प्रदेश में घूम रहे हैं और बहिन-बेटियों और बच्चियों को लगातार अपना शिकार बनाने से नही चूक रहे हैं। जिसकी बानगी है कि जहां जनपद उन्नाव के एक गांव में सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता को गुरुवार सुबह छह युवकों ने पेट्रोल डालकर जला दिया। बताया जाता है कि पीड़िता की हालत बेहद नाजुक है क्योंकि वह 90 प्रतिशत जली है। और उसे एयर एंबुलेंस द्वारा दिल्ली इलाज के लिए ले जलाने की तैयारी की जा रही है।   वहीं जपनद मैनपुरी में बदमाशों ने किशोरी के साथ छेड़छाड़ के बाद उसे जिंदा फंदे पर लटका दिया। जबकि इसी तरह जपनद मेरठ में भी हाईवे पर गुरुवार सुबह एक युवती बदहवास हालत में पड़ी मिली। आशंका है कि उसके साथ भी दुष्कर्म की शर्मनाक वारदात को अंजाम दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार जहां उत्तर प्रदेश के जनपद उन्नाव के बिहार थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता को गुरुवार अल सुबह छह युवकों ने पेट्रोल डालकर जला दिया। पीड़िता ने बयान दिया है कि गुरुवार सुबह चार बजे वह रायबरेली जाने के लिए ट्रेन पकड़ने बैसवारा बिहार रेलवे स्टेशन जा रही थी। गौरा मोड़ पर गांव के हरिशंकर त्रिवेदी, किशोर शुभम, शिवम, उमेश ने घेर लिया और सिर पर डंडे से और गले पर चाकू से वार किया। वह चक्कर आने से गिरी तो पेट्रोल डालकर आग लगा दी। शोर मचाने पर भीड़ को आता देख वह भाग निकले। पीड़िता ने बताया कि पूर्व में आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया था।

वहीं प्रदेश के जनपद मैनपुरी में गुरुवार को एक बड़ी घटना सामने आई है। मैनपुरी के घिरोर कस्बे में छेड़छाड़ के बाद किशोरी को फंदे पर लटकाने का मामला सामने आया है। इस घटना में किशोरी की मौत हो गई। मौत के बाद लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को हिरासत में लिया है। घटना घिरोर कस्बे की है। किशोरी के परिजनों ने बताया कि किशोरी कस्बे के ही एक विद्यालय में कक्षा नौ की छात्रा थी। जबकि इसी प्रकार जनपद  मेरठ के कंकरखेड़ा गुरुवार सुबह एक युवती से दुष्कर्म की सनसनीखेज वारादात सामने आई है। युवती बदहवास हालत में दिल्ली मेरठ हाईवे पर पड़ी मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस के अनुसार युवती से सामूहिक दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है।

इसके अलावा राजस्थान में भी कुछ इसी तरह की घटना सामने आई है जिसके अनुसार इंसानियत को शर्मसार करती ये घटना राजस्थान के बारां के अटरू इलाके में घटी है। जहां एक नाबालिग लड़की के साथ पांच लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। डिप्टी एसपी जोगिंदर सिंह ने बताया कि, इस मामले में आईपीसी की धारा 376DA, पॉक्सो अधिनियम की धारा 5/6 और एससी/ एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी जल्द ही पकड़े जायेंगे। साथ ही पश्चिम बंगाल में भी एक महिला के साथ दरिंदगी कर उसे जिंदा जला देने की घटना सामने आई है।

जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल के माल्दा जिले में आम के बागान में एक महिला का जला हुआ शव मिलने से हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि हो सकता है दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) प्रशांत देबनाथ ने कहा, ‘शव बुरी तरह से जल गया है जिसके कारण उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया है।’ इंग्लिश बाजार पुलिस थाने क्षेत्र के अंतर्गत स्थानीय किसानों ने शव को देखा। पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘शुरुआती जांच में लग रहा है कि महिला की उम्र 20 के आसपास है। उसका शरीर काफी ज्यादा झुलस चुका है। पुलिस विभाग के सूत्रों का कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला है कि दुष्कर्म के बाद महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को आग के हवाले कर दिया गया। शव के पास चप्पलें और बहुत सारी माचिस की तिल्लियां मिला है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »