Thursday , August 6 2026
Breaking News

नेक काम के लिए एक बार फिर सचिन लारा के खिलाफ खेलेंगे मैच

Share this

नयी दिल्ली. विश्व क्रिकेट के दो बड़े नाम भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज ब्रायन लारा एक नेक काम के लिए एक बार फिर एक दूसरे के खिलाफ खेलते हुए नजर आएंगे.

ये दोनों चैंपियन खिलाड़ी टी20 टूर्नामेंट रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज के पहले मैच में आमने सामने होंगे जब सात मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में इंडिया लीजेंड्स और वेस्टइंडीज लीजेंड्स की टीमें आमने सामने होंगी. गुरुवार को जारी सीरीज के कार्यक्रम के अनुसार टूर्नामेंट में कुल 11 मैच खेले जाएंगे.

इस सीरीज में भारत, ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के कुछ बड़े क्रिकेटर हिस्सा लेंगे जिसमें सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, युवराज सिंह, जहीर खान, ब्रायन लारा, शिवनारायण चंद्रपाल, ब्रेट ली, ब्रेट हाज, जोंटी रोड्स, मुथैया मुरलीधरन, तिलकरत्ने दिलशान और अजंता मेंडिस शामिल हैं. आयोजकों के अनुसार इस सीरीज का लक्ष्य सड़क सुरक्षा के बारे में जागरूकता फैलाना है.

इस सीरीज के दो मैच वानखेड़े स्टेडियम, चार मैच पुणे में महाराष्ट्र क्रिकेट संघ स्टेडियम, चार मैच नवी मुंबई के महाराष्ट्र क्रिकेट संघ स्टेडियम और फाइनल 22 मार्च को यहां ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला जाएगा.

पुणे में भारतीय टीम के दो मैच होंगे. इसमें से एक मैच 14 मार्च को दक्षिण अफ्रीका लीजेंड्स और दूसरा 20 मार्च को आस्ट्रेलिया लीजेंड्स के खिलाफ होगा.

वानखेड़े और डीवाई पाटिल स्टेडियम में मेजबान टीम एक-एक मैच खेलेगी. इंडिया लीजेंड्स की अगुआई तेंदुलकर करेंगे. पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर इस सीरीज के कमिश्नर हैं और मैच शाम सात बजे से शुरू होंगे.

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »