Thursday , August 6 2026
Breaking News

डीएमसी अध्यक्ष जफरुल इस्लाम के विरुद्ध राजद्रोह का मामला दर्ज

Share this

नयी दिल्ली. सोशल मीडिया पर एक विवादास्पद पोस्ट करने के मामले में दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष जफरुल इस्लाम खान के खिलाफ  दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा ने राजद्रोह का मामला दर्ज किया है. बताया जा रहा है कि इस्लाम खान को जल्द ही समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है.

दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने वसंत कुंज निवासी एक व्यक्ति की ओर से शिकायत मिलने के बाद खान के खिलाफ  भारतीय दंड संहिता की धारा 124ए राजद्रोह और 153ए धर्म, नस्ल और जन्म स्थान के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता भड़काने के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस ने बताया कि दर्ज कराई गई प्रथमिकी में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि खान का पोस्ट कथित भड़काऊ और इरादतन राजद्रोह से युक्त था तथा यह समाज के सौहार्द को बिगाडऩे और विभाजन पैदा करने पर केंद्रित था.

मामला दर्ज होने के बाद साइबर शाखा मामले की जांच कर रही है. खान ने मंगलवार को एक ट्वीट किया था, लेकिन कुछ देर बाद ही उसे हटा लिया था और माफी मांग ली थी. वहीं भाजपा ने खान को आयोग से हटाने की मांग की. ट्वीट पर विवाद बढऩे पर खान ने एक बयान में कहा कि मुझे एहसास हुआ कि जब हमारा देश चिकित्सा आपातकाल का सामना कर रहा है और अदृश्य शत्रु से लड़ाई लड़ रहा है, तो मेरा ट्वीट गलत वक्त पर था और असंवेदनशील था. मैं उन सभी लोगों से माफी मांगता हूं जिनकी भावनाओं को ठेस पहुंची है.

उन्होंने कहा कि 28 अप्रैल के उनके ट्वीट ने कुछ लोगों को दुख पहुंचाया है जिसमें उन्होंने उत्तर पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों के संबंध में भारत के मुसलमानों के उत्पीडऩ की आवाज उठाने पर कुवैत का आभार व्यक्त किया था. खान ने कहा कि उनका इरादा लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का बिलकुल नहीं था.

गौरतलब है कि दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन जफरूल इस्लाम खान ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर कहा था कि जिस दिन भारत के मुसलमान अरब देशों को बता देगा अपने उत्पीडऩ के बारे में, उस दिन भारत में भूचाल आ जायेगा.

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »