Tuesday , August 4 2026
Breaking News

केरल पहुंचा मानसून, राज्य के नौ जिलों में मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

Share this

नई दिल्ली. देश में कोरोना संकट और भीषण गर्मी के बीच सुकून देने वाली खबर है कि मानसून ने केरल में दस्तक दे दी है. मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून केरल पहुंच गया है. केरल में जारी भारी बारिश के बीच भारतीय मौसम विभाग ने राज्य के 9 जिलों तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पठानमथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, एनाकज़्लम, इडुक्की, मलप्पुरम और कन्नूर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है.

केरल के ज्यादातर इलाकों में भारी बारिश हो रही है, जिसकी वजह से तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है. मौसम विभाग के अनुसार तिरुवनंतपुरम में दिन का तापमान 25 डिग्री तक चला गया है. केरल के दक्षिण तटीय इलाकों और लक्षद्वीप में बीते चार दिनों से लगातार बारिश हो रही है.

मौसम विभाग ने शनिवार को इसे मॉनसून से पहले होने वाली बारिश बताया था. जबकि मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट ने दावा किया था कि दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून ने केरल के तट पर दस्तक दे दी है. हालांकि, भारतीय मौसम विभाग ने स्काईमेट के दावे को खारिज करते हुए कहा था कि फिलहाल परिस्थितियां ऐसी घोषणा करने के अनुकूल नहीं हैं.

भारतीय मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने रविवार को कहा था कि अभी तक मॉनसून केरल नहीं पहुंचा है, हम नियमित रूप से इस पर नजर बनाए हुए हैं. 1 जून को केरल में मॉनसून के दस्तक देने का अनुमान है. वहीं इससे पहले भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा था कि केरल में इस बार मॉनसून देर से पहुंचेगा. मौसम विभाग ने बताया था कि केरल में इस साल मॉनसून पांच जून तक आ सकता है.

गौरतलब है कि भारत में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून हर साल जून से लेकर सितंबर तक 4 महीनों तक रहता है. आम तौर पर यह सबसे पहले केरल में दस्तक देता है. इसके बाद अलग-अलग वक्त पर यह देश की अलग-अलग जगहों पर पहुंचता है. पिछले साल अंडमान-निकोबार में मॉनसून अपनी तय तारीख से दो दिन पहले 18 मई को आ गया था लेकिन गति धीमी पडऩे से केरल में कुछ देर से पहुंचा था, जबकि पूरे देश में मॉनसून की शुरुआत 19 जुलाई को हुई थी. मौसम विभाग के अनुसार इस साल मॉनसून सामान्य रहेगा.

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »