Thursday , August 6 2026
Breaking News

भारत में रिकवरी रेट बढ़कर 72 फीसदी हुआ, कोरोना से एक दिन में रिकॉर्ड 57584 मरीज हुए स्वस्थ

Share this

नई दिल्ली. भारत में कोरोना के मामलों में इजाफा हो रहा है, लेकिन उसके मुकाबले हर दिन बड़ी संख्या में संक्रमित लोग इस बीमारी से उबर भी रहे हैं. भारत में पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 57,584 मरीजों के ठीक होने के साथ ही देश में कोविड-19 से ठीक हुए मरीजों की कुल संख्या सोमवार 17 अगस्त को 19 लाख से अधिक हो गई. वहीं, रिकवरी रेट भी 72 प्रतिशत से अधिक हो गया. यह जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़े से मिली.

भारत में कोविड-19 से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 20 लाख के करीब (19,19,842) हो गई है जबकि अभी देश में 6,76,900 सक्रिय मामले हैं, जो कि वर्तमान में कुल संक्रमित मामलों का मात्र 25.57 प्रतिशत है. ठीक हुए मरीजों की संख्या और सक्रिय मरीजों की संख्या में अंतर लगातार बढ़ रहा है और यह वर्तमान में 12,42,942 है. ठीक होने की दर वर्तमान में 72.51 प्रतिशत है. मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि ऐसा एक प्रभावी रोकथाम रणनीति के सफल एवं समन्वित कार्यान्वयन, गंभीर रोगियों के मानकीकृत क्लीनिकल प्रबंधन के साथ ही सक्रिय एवं व्यापक जांच के चलते हुआ है.

मंत्रालय ने कहा कि भारत ने कोविड-19 के विभिन्न तरह के मरीजों के लिए एक मानक देखभाल प्रोटोकॉल का पालन किया है. इसमें हल्के, मध्यम और गंभीर रूप से बीमार रोगी शामिल हैं जिसको लेकर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा क्लीनिकल प्रबंधन के लिए एक मानक देखभाल प्रोटोकॉल तैयार किया गया है. मंत्रालय ने कहा कि प्रभावी क्लीनिकल प्रबंधन रणनीति से सकारात्मक परिणाम मिले हैं. भारत हर दिन ठीक हुए मरीजों की संख्या बढ़ाने के लिए मजबूती से आगे बढ़ रहा है.

मंत्रालय ने कहा कि मामलों की शुरुआती पहचान से हल्के और मध्यम लक्षण वाले मरीजों को समय पर पृथकवास में भेजना सुनिश्चित करने में मदद मिली है और गंभीर रूप से बीमार मरीजों को अस्पताल में भर्ती करने से मामलों का समय पर और प्रभावी प्रबंधन होता है.

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »