उन्नाव- सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को सिकंदरपुर सरोसी स्थित मनोहरलाल इंटर कॉलेज में केंद्र सरकार पर जासूसी करने का आरोप लगाया। बोले, इतिहास इस बात की गवाह है कि जिन सरकारों ने जासूसी कराई, वह सत्ता से बाहर हो गईं। भाजपा को अपने काम पर भरोसा नहीं, इसलिए वह जासूसी करा रही है। ऐसा करके वह राष्ट्रद्रोह कर रही है। आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लोकसभा और राज्यसभा में सिर्फ झूठ बोलती है। देश प्रदेश की जनता को गुमराह करके वोट लेने में भाजपा माहिर है।
पूर्व मंत्री मनोहरलाल 85वीं जयंती पर आयोजित माल्यार्पण कार्यक्रम में आए अखिलेश यादव ने महंगाई, बेरोजगारी और किसान मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकार को घेरा। बोले, मंत्री कहते हैं कि कोरोना काल में ऑक्सीजन की कमी से किसी की मौत नहीं हुई। कौन इनकी बातों पर भरोसा करेगा। सरकारें कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा छिपा रही हैं। सुप्रीम कोर्ट ने आश्रितों को मुआवजा देने को कहा। भाजपा मुआवजा नहीं देना चाहती, इसलिए मृतकों का सही आंकड़ा नहीं बता रही। आरोप लगाया कोरोना से जो मौतें हुईं, उसकी जिम्मेदार भाजपा है। किसानों की आय दोगुनी करने का दावा करने वाली भाजपा सरकार में किसानों की आय कम हो गई है। महंगाई इतनी कि मुफ्त में मिले गैस सिलेंडर को गरीब भरा नहीं पा रहे हैं। रोजगार का वादा भी फेल है। हालात ऐसे हैं कि बेरोजगारों की संख्या बढ़ गई है।
Disha News India Hindi News Portal