Thursday , August 6 2026
Breaking News

देश और CBI की खुशनसीबी, हाथ लगा दाउद का करीबी

Share this
  • सीबीआई को आज उस वक्त एक बड़ी सफलता हाथ लगी
  • दाऊद के करीबी फारुक टकला को गिरफ्तार कर मुंबई लाई

नई दिल्ली। काफी लम्बे समय से अपनी कोशिशों में लगी सीबीआई को आज उस वक्त एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जब सीबीआई की टीम 1993 मुंबई ब्लास्ट के आरोपी और अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के करीबी फारुक टकला को दुबई से गिरफ्तार कर मुंबई लाई है।

गौरतलब है कि फारुक के खिलाफ 1993 मुंबई ब्लास्ट के बाद 1995 में रेड कॉर्नर नोटिस जारी की गई थी। फारुक टकला 1993 के बाद से ही  भारत से भाग गया था। सीबीआई की टीम गुरुवार सुबह ही एयर इंडिया के विमान से फारुक को मुंबई लाई है और सीबीआई दफ्तर ले गई। फारुक को अब टाडा कोर्ट में पेश किया जाएगा।

वहीं फारूक टकला की गिरफ्तारी को लेकर वरिष्ठ वकील उज्जवल निकम ने कहा कि यह एक बहुत बड़ी सफलता है। फारुक 1993 में हुए मुंबई सीरियल ब्लास्ट में शामिल था। साथ ही उन्होंने कहा कि यह डी-गैंग के लिए बहुत बड़ा झटका है।

ज्ञात हो कि फारुक टकला का जन्म 17 फरवरी, 1961 को मुंबई में हुआ था। फारुक को दाऊद इब्राहिम का दायां हाथ बताया जाता था। जानकारी के मुताबिक, फारुक ने ही मुंबई ब्‍लास्‍ट की योजना तैयार की थी। साथ ही इस पर ब्लास्ट की साजिश, मर्डर व आतंकी गतिविधियों में शामिल होने जैसे आरोप हैं।

बेहद अहम और गौर करने की बात है कि 12 मार्च, 1993 को मुंबई में एक के बाद एक 12 बम धमाके हुए थे। इन बम धमाकों में करीब 257 लोगों की मौत हो गई थी और 700 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। जानकारी के मुताबिक, इन बम धमाकों में 27 करोड़ रुपये संपत्ति नष्ट हुई थी। वहीं इस मामले में 129 लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किए गए थे।

टाडा कोर्ट ने साल 2007 में 100 लोगों को सजा सुनाई। जिसमें याकूब मेमन को 2015 में फांसी हुई थी। मुंबई ब्लास्ट से जुड़े एक अन्य मामले में ही एक्टर संजय दत्त अवैध हथियार रखने के दोषी पाए गए और उन्हें टाडा कोर्ट ने 5 साल की सजा सुनाई थी। लेकिन मुंबई ब्लास्ट का मास्टरमाइंड दाऊद इब्राहिम 1995 से अब तक फरार है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »