Saturday , April 27 2024
Breaking News

सपा महिला सभा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने कहर बरपाया, दर्जनों को घायल कर अस्पताल पहुंचाया

Share this

लखनऊ।  विभिन्न मुद्दों को लेकर विधानसभा के सामने आज विरोध-प्रदर्शन कर रहीं समाजवादी पार्टी महिला सभा की सैकड़ो कार्यकर्ताओं पर आज अचानक हुए पुलिस के लाठीचार्ज के चलते कई महिला कार्यकर्ताओं को चोटें आ गई हैं जिनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है वहीं तमाम अन्य कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर पुलिस लाइन भेज दिया है।

गौरतलब है कि आज समाजवादी पार्टी महिला सभा की कार्यकर्ता विधानसभा के सामने महंगाई, बिगड़ती कानून व्‍यवस्‍था और महिलाओं पर अत्याचार के खिलाफ धरना देने पहुंची। समाजवादी पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने दारुलशफा से लेकर गांधी प्रतिमा तक पैदल मार्च किया। सैकड़ों की संख्या में महिलाएं सड़कों पर उग्र होकर प्रदर्शन करने लगी। सुरक्षा कर्मियों ने महिलाओं को रोकना चाहा, तो महिलाएं भड़क उठीं और आगे बढ़ने लगी।

वहीं इस दौरान सड़क पर जाम और उग्र होती महिलाओं को देख पुलिस ने महिलाओं पर लाठियां बरपाईं। लेकिन, महिलाओं ने रुकने का नाम नहीं लिया। मजबूरन, पुलिस ने घेराबंदी कर प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। गांधी की प्रतिमा के नीचे भी पुलिस ने महिलाओं पर लाठीचार्ज किया

इस लाठीचार्ज में कई लोग के सिर फूट गए। जबकि दर्जनों कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए है। पुलिस कर्मियों ने सपा कार्यकर्ताओं को मुख्यमार्ग पर दौड़ा-दौड़ाकर लाठियों से पीटा। लाठी चार्ज से वहां भगदड़ मच गई। इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल भी रहा। हंगामे और लाठीचार्ज के चलते हजरतगंज में यातायात भी प्रभावित हुआ। घायल कार्यकर्ताओं को अस्पताल मे भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने दर्जनों सपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करके पुलिस लाइन भेज दिया है।

पुलिस के इस बर्बर लाठीचार्ज में एमएलसी लीलावती कुशवाहा, प्रदेश सचिव प्रियंका पाल, प्रीति तिवारी, शशि प्रभा शुक्ल, रेखा यादव महिला अध्यक्ष कानपुर नगर समेत तमाम महिलाएं चोटिल हो गईं। इसके बाद भीड़ तितर-बितर हुई। पुलिस ने घायल महिलाओं को सिविल अस्पताल पहुंचाया। ज्ञात हो कि अभी कुछ ही दिन पूर्व इसी प्रकार कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर भी लाठी चार्ज किया गया था जिसमें कई कायकर्ता घायल हो गए थे।

Share this
Translate »