Sunday , May 19 2024
Breaking News

अखिलेश बोले- सत्ता में बने रहने के लिए कुछ भी कर सकती है भाजपा

Share this

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि सत्ता में बने रहने के लिए भाजपा कुछ भी कर सकती हैं इसलिए इससे सावधान रहना होगा। साथ ही कहा कि आज भाजपा की सरकार में नोटबंदी जीएसटी के साथ छापेमारी, नोटिस देने जैसी तमाम यातनाएं व्यापारियों को मिल रही है। व्यापारियों को जेल भी भेजा जा रहा है। दरअसल उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के व्यापारियों के एक दल से वार्ता के दौरान ये बातें कहीं।

उन्होंने कहा कि व्यापार और व्यापारी पर संकट की स्थिति में सरकार को मदद करनी चाहिए। लेकिन भाजपा को इसकी चिंता नहीं है। 40 हजार व्यापारी भारत को छोड़कर विदेश चले गए हैं। व्यापारियों में लूट, अपहरण और हत्या के कारण भारी असुरक्षा है। उनकी समस्याएं सुनी नहीं जा रही है। प्रधानमंत्री जी सिर्फ अपने मन की बातें करते हैं। मुख्यमंत्री जी ने अपराध नियंत्रण के लिए बनी यूपी डायल 100 व्यवस्था को शिथिल कर दिया क्योंकि उसे समाजवादी सरकार ने शुरू किया था।

उन्होंने कहा कि संसद में भाजपा के 73 सांसद है और उत्तर प्रदेश विधानसभा में उसका 324 विधायकों का बहुमत है। केन्द्र सरकार 5 और राज्य सरकार 2 बजट ला चुकी है लेकिन इससे विकास का कोई काम नहीं हुआ है। जीएसटी की जटिलता को सरल करने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया है। भ्रष्टाचार में वृद्धि हुई है। भाजपा की कुनीतियों ने भारत की अर्थव्यवस्था को पीछे कर दिया है।

उन्होंने कहा कि स्वदेशी आंदोलन को जीएसटी से धक्का लगा हैं। हम इसे घोषणा पत्र में शामिल करेंगे। व्यापारियों के लिए सुरक्षा सेल बननी चाहिए। समाजवादी सरकार में मंडियों की व्यवस्था की गई थी जिससे व्यापारी और किसान दोनों को सुविधा होती। व्यापार की प्रगति में सड़क और बिजली की जरूरत को देखते हुए समाजवादी सरकार ने कई कदम उठाए थे। उन्होंने कहा व्यापार के लिए नीति, नीयत और सुरक्षा के साथ सुविधा होना आवश्यक है। भाजपा राज में यह सब होना उनके तमाम दावों की तरह असम्भव है। इसलिए आक्रोशित बस 2019 में होने वाले चुनावों के इंतजार में है।

विधायक संजय गर्ग की उपस्थिति में अखिलेश यादव से भेंट करने आए व्यापारियों ने कहा कि उनका भरोसा अखिलेश जी के नेतृत्व पर है। समाजवादी पार्टी उनके हितों की संरक्षा करती है। समाजवादी सरकार में ही चुंगी समाप्त हुई थी और धारा 3/7 हटाई गई थी। व्यापारी नेताओं ने कहा कि उनका समर्थन समाजवादी पार्टी के साथ रहेगा। वर्ष 2019 और 2022 के चुनावों में समाजवादी पार्टी को व्यापारी जिताएंगे।

Share this
Translate »