Wednesday , May 8 2024
Breaking News

जन आक्रोश रैली: राहुल बोले सरकार से नाराज है देश की जनता

Share this

नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान पर कांग्रेस की जन आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश की जनता सरकार से नाराज है। क्योंकि मैंने अभी तक जितने भी लोगों से बात की उन्होंने मुझे यही कहा कि वे मोदी सरकार से खुश नहीं है क्योंकि वो जो भी बातें कहते हैं उनमें से अभी तक कोई भी सच नहीं निकली।

उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान आस्था का देश है, धार्मिक देश है। जब हमारे लोग, हम सब मंदिर, मस्जिद, चर्च और गुरुद्वारे में हाथ जोड़ते हैं तो सत्य के सामने हाथ जोड़ते हैं। जनता सच के सामने सर झुकाती है। लेकिन अफसोस कि देश प्रधानमंत्री के भाषणों को सुनता है और सच्चाई ढूंढने की कोशिश करता है।

इतना ही नही उन्होंने आगे कहा कि जनता अपना पैसा बैंक में डाली और उसे नीरव मोदी लेकर चला गया। पर मोदी जी एक शब्द नहीं बोले। जो राफेल हमने 700 करोड़ में खरीदा वही मोदी जी 1500 करोड़ में खरीदा। मोदी जी के उद्योगपति मित्र के ऊपर करोडो का कर्जा है कोई पूछने वाला नहीं। देश के चौकीदार के मुंह से एक शब्द नहीं निकलता।

राहुल ने आगे कहा कि 70 साल में पहली बार 4 जज जनता के सामने आते हैं और कहते हैं की हम न्याय मांगते हैं। मोदी जी चुप। कोर्ट, चुनाव आयोग सहित सब जगह आरएसएस के लोग डाले जा रहे हैं। हर मंत्री के पास आरएसएस का ओएसडी है मोदी जी चुप।

राहुल गांधी ने केंद्रीय मंत्री गोयल पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि उर्जा मंत्री रहते हुए एक कंपनी को उन्होंने ज्यादा कीमत में शेयर बेच दिए।

उन्होंने आगे कहा कि 15 उद्योगपतियों का कर्जा माफ किया लेकिन किसान हर रोज खून पसीना देता है लेकिन मोदी जी ने किसान का कर्जा माफ नहीं किया। मैंने मोदी जी से कहा उन्होंने जवाब तक नहीं दिया। कांग्रेस अगर खड़ी नहीं होती मोदी सबकी जमीन छीनकर ले जाता।

राहुल गांधी ने कहा बेहद गंभीर बात ये है कि  70 साल में पहली बार विदेश में प्रधानमंत्री को बताया गया की आप हिन्दुस्तान में महिलाओं की रक्षा नहीं करते हैं। मोदी ने देश को बेरोजगारी दी, महिलाओं पर अत्याचार किया, गब्बर सिंह टैक्स लिया। ये 60 महीनों में मोदी जी ने देश को दिया।

हिन्दुस्तान की इमारत का पानी कांग्रेस है। इस देश को अगर आगे ले जाना है तो उसे प्यार की जरूरत है नफरत की नहीं। यही पानी है इसके बिना देश नहीं बन सकता। हमारी सरकार के बारे में मोदी जी ने झूठ फैलाया, अब सच्चाई बाहर आई है।

जबकि वहीं इससे पहले पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हम बदलाव की तरफ बढ़ रहे हैं। समाज का हर तबका बेचैन है। किसान, कारोबारी, दलित, आदिवासी, पिछड़े सबको भविष्य का डर सता रहा है। बच्चियों की असुरक्षा का डर लोगों को सता रहा है। सबको समझ में आ रहा है की मोदी ने धोखा किया। बहनो को मंहगाई के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सत्ता हथियाने के लिए मोदी के वादे खोखले साबित हुए।

सोनिया गांधी ने आगे कहा, पूरा देश हिंसक दौर से गुजर रहा है। संवैधानिक संस्थाओ पर आज संकट है। आज न्याय व्यवस्था संकट से गुजर रही है। मीडिया को अपनी सच्ची भूमिका के पालन से रोका जा रहा है। देश आज नाजुक दौर में है। हमे इसे गंभीरता से लेना होगा और लड़ना पड़ेगा। यह सतर्क रहने का समय है।  जबकि पूर्व प्रधानमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनमोहन सिंह ने कहा कि मोदी सरकार पिछले 4 साल में अपने किसी भी वादे को पूरा नहीं कर पाई। देश का महौल खराब हो गया है।

गौरतलब है कि कांग्रेस की मुंबई इकाई ने दिल्ली में 29 अप्रैल को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की होने वाली जन आक्रोश रैली को सफल बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है। मुंबई कांग्रेस ने पार्टी कार्यकर्ताओं को दिल्ली लाने-ले जाने के लिए पूरी ट्रेन ही बुक करा ली है। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम ने बताया कि पार्टी ने 18 कोच की ट्रेन बुक कराई है और इसे राहुल गांधी सुपर फास्ट एक्सप्रेस नाम दिया जाएगा।

Share this
Translate »