Thursday , August 6 2026
Breaking News

अखिलेश बोले- योगी सरकार UPPCS परीक्षा की तारीख बढ़ाए, ताकि युवाओं का भविष्य न प्रभावित होने पाए

Share this

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर ट्वीट के जरिए योगी सरकार पर करारा हमला बोला है। इस बार उन्होंने यूपी पीसीएस मुख्य परीक्षा को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया है।

गौरतलब है कि अखिलेश यादव ने आज अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा है कि यूपी पीसीएस मेंस के लिए अभ्यर्थियों को एक महीने की भी तैयारी का समय न दिया जाना उनके साथ अन्याय है। सरकार को इसकी तारीख बढ़ानी चाहिए। क्योंकि ये युवाओं के भविष्य का सवाल है।

ज्ञात हो कि यूपी लोक सेवा आयोग की मुख्य परीक्षा पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगाने से इंकार कर दिया। जिसके बाद यह तय हो गया है कि अब यूपी पीसीएस मुख्य परीक्षा अपने निर्धारित समय 18 जून से ही शुरू होगी। वहीं उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की यूपी पीसीएस मुख्य परीक्षा की तारीख आगे बढ़ाने की मांग लेकर अभ्यर्थियों ने पिछली 5 जून को लखनऊ में बीजेपी प्रदेश कार्यालय पर प्रदर्शन किया था। अभ्यर्थियों का कहना था कि परीक्षा 18 जून से कराने का कार्यक्रम घोषित किया गया है, जबकि इतने कम समय में अभ्यर्थी अपनी तैयारी नहीं कर सकते। इसके अलावा इसी दौरान कई अन्य राज्यों की भी परीक्षाएं हैं, जो इससे क्लैश होंगी।

प्रतियोगी छात्रों का नेतृत्व कर रहे भ्रष्टाचार मुक्त मोर्चा के अध्यक्ष कौशल सिंह ने बताया कि हमारी मांग मुख्य रूप से पीसीएस 2017 की परीक्षा को लेकर है. आयोग के सचिव ने आश्वासन दिया था कि परीक्षा जुलाई के तीसरे सप्ताह में होगी। लेकिन अचानक से जून की तिथि घोषित की गई है। अभी तक पीसीएस 2016 का रिजल्ट जारी नहीं किया गया है। वहीं जून में दूसरे राज्यों की परीक्षाएं हैं। 20 दिन में ये आठ पेपर कैसे तैयार कर लेंगे. उन्होंने कहा कि प्रतियोगी छात्रों के साथ अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसे लेकर हम मुख्यमंत्री और उत्तर प्रदेश शासन से मांग कर रहे हैं कि मामले में हस्तक्षेप करके परीक्षा परीक्षा जुलाई तीसरे सप्ताह में कराएं।

इससे पहले प्रदर्शन करने के लिए अभ्यर्थी भाजपा कार्यालय के गेट पर इकट्ठा हुए। उन्होंने तिरंगा झंडा लेकर विरोध किया, इस दौरान अभ्यर्थियों ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के खिलाफ नारेबजी भी की। प्रदर्शन होता देख मौके पर ही पुलिस पहुंच गई. इस दौरान काफी कोशिश के बाद पुलिस ने अभ्यर्थियों को मौके से हटा दिया था।।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »