Thursday , August 6 2026
Breaking News

सत्ता की हनक में भाजपा नेता ने करी दरोगा की पिटाई और अब नौबत ऐसी आई

Share this

लखनऊ। यूं तो खाकी और खादी की बहुत छनती है लेकिन जब आपस में नही बनती है तो दोनों ही एक दूसरे के लिए बेहद घातक साबित होते हैं। क्योंकि दोनों ही पर अपने-अपने रूतबे का सुरूर होता है। ऐसा ही कुछ मामला उस वक्त सामने आया जब जनपद मेरठ में खाकीधारी और खादीधारी आपस में भिड़ गए। फिर क्या जमकर तांडव हुआ। हालांकि फिलहाल खादीधारी पड़े भारी और खाकीधारी की पिटाई का वीडियो वायरल होने से अच्छा खासा तमाशा हो गया।

हालांकि दरोगा के साथ मारपीट करने के मामले में भाजपा पार्षद मनीष पंवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कंकरखेड़ा थाने में सुबह से ही भाजपाइयों का धरना चल रहा है। मौके पर पहुंचे अधिकारियों के आश्वासन के बाद ही धरना खत्म हुआ। भाजपा पार्षद की तरफ से भी दरोगा और महिला के खिलाफ थाने में तहरीर दी जा रही है। वहीं एसपी सिटी रणविजय सिंह का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि प्रदेश के जनपद मेरठ में नेशनल हाईवे पर वार्ड 40 से भाजपा पार्षद चौधरी मनीष पंवार का नेशनल हाईवे स्थित खिर्वा चौपले के पास ब्लैक पेपर नाम से होटल है। परतापुर थाने की मोहिउद्दीनपुर चौकी पर तैनात सुखपाल पंवार कंकरखेड़ा क्षेत्र निवासी एक महिला को देर रात अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से होटल में खाने के लिए लेकर गये थे। बताया जाता है कि कि दोनों ही नशे की हालत में थे। इस दौरान दोनों ने वेटर को खाना लाने के लिए ऑर्डर दिया। आर्डर पूरा होने में कुछ देर हो गयी। गुस्साई महिला ने कर्मचारियों को अपशब्द बोलते हुए अभद्रता शुरू कर दी। आरोप ये भी है कि विरोध करने पर होटल प्रबंधक धामा और स्टाफ से मारपीट की।

इतना ही नशें में महिला ने दरोगा से पिस्टल निकालने तक को कह दिया। इस दौरान होटल मालिक मनीष पंवार ने कर्मचारियों से होटल का गेट अंदर से बंद करा लिया और पुलिस अधिकारियों को फोन कर दिया। जिस पर महिला ने टेबल से प्लेटें उठाकर तोड़फोड़ शुरू कर दी।  महिला के तोड़फोड़ करने पर होटल स्टाफ ने दरोगा को घेर लिया। दरोगा ने फोन निकालकर वीडियो बनाने की कोशिश की, तो स्टाफ ने दरोगा से फोन छिन लिया। इसी बीच गाली गलौच शुरू हो गयी। होटल मालिक ने चौकी इंचार्ज से गाली-गलौच करते हुए थप्पड़ जड़ने शुरू कर दिए। वर्दी में दरोगा को कई थप्पड़ जडे़ गये। चौकी इंचार्ज को नीचे गिरा दिया। इसके बाद भी महिला ने कर्मचारी के कपडे़ खीचें।

वहीं घटना की सूचना पर सीओ दौराला पंकज कुमार सिंह फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे और दरोगा व उसके साथ में महिला को हिरासत में ले लिया। उसके बाद दोनों का मेडिकल कराया। रात दो बजे एसपी सिटी रणविजय सिंह भी कंकरखेड़ा थाने पहुंचे और घटना की जानकारी ली। महिला ने होटल के मालिक, मैनेजर और एक कर्मचारी पर मारपीट, छेड़छाड़ और बंधक बनाकर धमकी देने का आरोप लगाकर तहरीर दी है। होटल मालिक पार्षद मनीष पंवार ने बताया कि दरोगा व महिला दोनों ही नशे में थे और दोनों ने अभद्रता की। महिला पुलिस के सामने ही बार बार कह रही थी कि मेरी जान पहचान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से हैं। मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। उसे अभी नहीं छोड़ा गया तो अंजाम अच्छा नहीं होगा।

जबकि वहीं दरोगा सुखपाल का कहना है महिला ने पति व ससुराल पर दहेज का केस दर्ज कराया था। मैं केस की विवेचना कर रहा हूं। मैं होटल में खाना खाने पहुंचा तो बाद में महिला भी आ गई। खाना आने में देरी हुई तो महिला ने विरोध किया था। इस पर होटल कर्मचारियों ने गेट बंद कर लिया। जिसके बाद महिला ने प्लेट फेंकी थी। होटल मालिक ने मेरे साथ मारपीट की है। महिला के अनुसार मैं एक केस के संबंध में दरोगा से होटल में मिलने गई थी। वेटर से खाना खिलाने के लिए कहा तो वह गाली गलौच करने लगा। उसके बाद गेट बंद कर लिया। सरेआम छेड़छाड़ की। बंधक बनाकर मारपीट की और कपड़े फाड़ दिए। कंकरखेड़ा थाने में तहरीर दी है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »