Thursday , April 25 2024
Breaking News

कानून-व्यवस्था बनाने को बेहतर, 26 पुलिस अफसर इधर से उधर

Share this

लखनऊ। प्रदेश की कानून व्यवस्था पर केन्द्र समेत राज्यपाल के तेवरों को देखते कानून व्यवस्था दुरूस्त करने के लिहाज से उत्तर प्रदेश सरकार ने आईपीएस संवर्ग के 26 वरिष्ठ अधिकारियों का आज तबादला कर दिया है। जिसके तहत राजीव कृष्ण को लखनऊ जोन का अपर पुलिस महानिदेशक बना दिया। वहीं इस पद पर रहे अभय कुमार प्रसाद को आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन का अपर पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है।
इसके साथ ही वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक विश्वजीत महापात्र को इसी पद पर एसीओ लखनऊ बनाया गया है। प्रतीक्षारत चल रहे पी वी रामाशास्त्री को विश्वजीत महापात्र की जगह भेजा गया है। इसी प्रकार प्रतीक्षारत चल रहे अपर पुलिस महानिदेशक पीयूष आनंद को स्थापना में स्थानान्तरित किया गया है। जबकि स्थापना में अपर पुलिस महानिदेशक रहे एस बी शिरोडकर को अभिसूचना की जिम्मेदारी सौंपी गई है।  साथ ही पीएचक्यू इलाहाबाद में महानिरीक्षक रहे के एस पी कुमार को अपर पुलिस महानिदेशक बनाकर पुलिस अकादमी मुरादाबाद भेजा गया है। मिर्जापुर परिक्षेत्र के आईजी रहे प्रेम प्रकाश अब बरेली जोन के अपर पुलिस महानिदेशक होंगे।
वहीं पुलिस महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) हरीराम शर्मा को अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन के पद पर भेजा गया है, जबकि सुनील गुप्ता अब अपर पुलिस महानिदेशक सीबीसीआईडी होंगे। गुप्ता अभी तक पुलिस महानिरीक्षक (अपराध) थे। लखनऊ परिक्षेत्र के महानिरीक्षक जयनारायण सिंह को इसी पद पर पीएसी मुख्यालय लखनऊ में तैनाती दी गई है। टेलीकॉम के महानिरीक्षक सुजीत पाण्डेय सिंह का स्थान लेंगे।
आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक रेलवे विनोद कुमार सिंह को मुरादाबाद परिक्षेत्र का पुलिस महानिरीक्षक बनाकर भेजा गया है। प्रतीक्षारत चल रहे ध्रुवकांत ठाकुर बरेली परिक्षेत्र के महानिरीक्षक होंगे। विजय सिंह मीणा को मिर्जापुर का पुलिस महानिरीक्षक बनाकर भेजा गया है। मीणा अभी तक लोक शिकायत में थे। फैजाबाद परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विजय प्रकाश को पुलिस महानिदेशक कार्यालय में नई तैनाती दी गई है। गोरखपुर जोन के महानिरीक्षक रहे मोहित अग्रवाल अब इसी पद पर लोक शिकायत लखनऊ में तैनात किए गए हैं। बरेली रेंज के पुलिस महानिरीक्षक एस के भगत को लखनऊ में अपराध शाखा में भेजा गया है।

इसके अलावा गोरखपुर की पुलिस उपमहानिरीक्षक रहीं नीलाब्जा चौधरी को गोरखपुर में ही प्रोन्नति कर महानिरीक्षक बना दिया गया। मुरादाबाद के उप महानिरीक्षक ओंकार सिंह को इसी पद पर फैजाबाद भेजा गया है, जबकि चित्रकूट धाम के पुलिस उप महानिरीक्षक रहे ज्ञानेश्वर तिवारी पीटीसी सीतापुर के उप महानिरीक्षक होंगे। पीएसी सेक्टर लखनऊ के उप महानिरीक्षक प्रवीन कुमार को इसी पद पर लखनऊ में कानून एवं व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भर्ती एवं प्रन्नति बोर्ड रहे पुलिस उप महानिरीक्षक शरद सचान को इसी पद पर सहारनपुर भेजा गया है। लखनऊ में पुलिस उपमहानिरीक्षक कार्मिक मुख्यालय रहे मनोज तिवारी अब चित्रकूट धाम के नए पुलिस उप महानिरीक्षक होंगे। सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक के एस इमैनुअल केन्द्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर जा रहे हैं।

 

Share this
Translate »