Thursday , August 6 2026
Breaking News

कोयला कारोबारी के घर डकैती पर अखिलेश का करारा प्रहार, डीजीपी को तुरंत हटाए योगी सरकार

Share this

लखनऊ। सुल्तानपुर के कोयला कारोबारी के लखनऊ स्थित घर में पुलिसकर्मियों द्वारा डाली गई डकैती पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ठीकरा पूरी तरह से प्रदेश पुलिस के मुखिया पर फोड़ते हुए आज कहा कि अगर पुलिस वाले डकैती डालते हैं तो इसके लिए प्रदेश के डीजीपी जिम्मेदार हैं। उन्हें तुरंत हटा दिया जाना चाहिए।

सपा कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि योगी सरकार में तो पुलिस ही अपराध करने लगी है। ये पहली सरकार है जहां पुलिस वाले ही डकैती डाल रहे हैं। इसका जवाब सरकार को देना चाहिए। ज्ञात हो कि गोसाईगंज पुलिस ने शनिवार सुबह सुल्तानपुर के कोयला कारोबारी अंकित अग्रहरि के फ्लैट पर डाका डाल कर एक करोड़ 85 लाख रुपये लूट लिए थे। मामले में चार पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर सात के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।

वहीं, आज (रविवार) शाम होने वाली चुनाव आचार संहिता की घोषणा पर अखिलेश यादव ने कहा कि जनता चुनाव की तारीखों का इंतजार कर रही है। देश में परिवर्तन का रुझान है क्योंकि जनता बहुत परेशान है। पिछले पांच वर्षों में न तो युवाओं को नौकरियां मिलीं और न ही किसानों की आमदनी बढ़ी। 2014 में कहा गया था कि विदेशों से सारा कालाधन लेकर आएंगे लेकिन नोटबंदी कर जो धन जनता ने ईमानदारी से कमाया था वह भी बैंकों में जमा करवा लिया।

अखिलेश ने केंद्र की मोदी सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि इस सरकार ने सेना को राजनीति में घसीटा है। ये भाजपा के लोग चुनाव जीतने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। साथ ही  नीरव मोदी को लेकर कहा कि ऐसे लोग जो देश की बैंकों को कंगाल कर गए वह देश छोड़कर भाग गए उन्हें नहीं रोका गया और जब मैं इलाहाबाद विश्वविद्यालय जा रहा था तो सरकार ने जाने से रोक दिया।

जबकि वहीं चुनाव की तैयारियों पर अखिलेश ने कहा कि मैं यही सोच रहा था कि पहले भाजपा के लोग प्रचार करके थक जाएं तब हम प्रचार करेंगे। फिर बोले, चुनाव की तारीखों की घोषणा होते ही चरणवार ढंग से पार्टी के कार्यक्रम तय करेंगे। अखिलेश ने भाजपा सांसद द्वारा विधायक को जूते से मारने पर कहा कि यह जूतों वाली सरकार है। भाजपा सांसद अपने विधायक को 21 जूतों की सलामी देते हैं।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »