Monday , August 3 2026
Breaking News

पीएम मोदी ने लखनऊ पहुंचकर कल्याण सिंह को दी श्रद्धांजलि, योगी और नड्डा भी मौजूद

Share this

लखनऊ. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी. पीएम मोदी के साथ यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद हैं. मोदी आज सुबह लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे थे. एयरपोर्ट से मोदी का काफिला कल्याण सिंह के आवास के लिए रवाना हुआ. बता दें कि कल्याण सिंह का शनिवार रात करीब सवा नौ बजे लखनऊ में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था. वह 89 वर्ष के थे. कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार 23 अगस्त को नरौरा में गंगा तट पर किया जाएगा.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है. उन्होंने प्रदेश में 23 अगस्त को एक दिन के सार्वजनिक अवकाश की भी घोषणा की है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल्याण सिंह के निधन पर शोक जताया था. उन्होंने कहा था कि भारत की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई तथा आने वाली पीढ़ियां इसके लिए उनकी आभारी रहेंगी. उन्होंने कल्याण सिंह के पुत्र राजवीर सिंह से बात की और संवेदनाएं प्रकट कीं.

वहीं, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कल्याण सिंह के निधन पर शोक जताया और कहा कि उनका जनता के साथ अद्भुत जुड़ाव था. वहीं, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया और उन्हें राष्ट्रवादी तथा बेमिसाल नेता बताया.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान के बाहर पत्रकारों से कहा, ‘हम सबके लिए दुखद समाचार है, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह जी हमारे बीच नहीं रहें. विगत दो माह से कल्याण सिंह अस्वस्थ थे, आज रात सवा नौ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली.’

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »