Thursday , August 6 2026
Breaking News

यूपी : कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद के साथ छह मंत्रियों को मिली जिम्मेदारी

Share this

लखनऊ, योगी मंत्रिमंडल में शामिल किए गए सात नए मंत्रियों को सोमवार को विभागों का आवंटन कर दिया गया। कैबिनेट मंत्री बनाए गए जितिन प्रसाद को प्राविधिक शिक्षा विभाग की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा छह राज्यमंत्रियों को भी विभाग आवंटित कर दिए गए हैं। संगीता बलवंत को सहकारिता व दिनेश खटिक को जलशक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग दिया गया है। पलटू राम को सैनिक कल्याण, होमगार्ड, प्रान्तीय रक्षक दल एवं नागरिक सुरक्षा विभाग, छत्रपाल गंगवार को राजस्व, धर्मवीर प्रजापति को औद्योगिक विकास, संजीव कुमार गोंड को समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग मिला है। गोपन विभाग की ओर से नए मंत्रियों को विभाग आवंटन संबंधी आदेश जारी कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रिमंडल में शामिल नए सदस्यों को विभागों का दायित्व मिल जाने पर बधाई दी है। सीएम योगी ने ट्वीट करके कहा है कि ‘मुझे विश्वास है कि आप सभी के कुशल, अनुभवी एवं कर्मठ नेतृत्व में विभाग विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। आप सभी के उज्ज्वल कार्यकाल हेतु अनंत शुभकामनाएं।’

उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव से करीब छह माह पहले योगी आदित्यनाथ मंत्रिपरिषद का बहुप्रतीक्षित विस्तार रविवार को हो गया था। योगी मंत्रिमंडल में सात नए चेहरे शामिल किए गए। इनमें कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद को कैबिनेट मंत्री बनाया गया, जबकि बाकी छह ने राज्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।

पंचायत चुनाव के बाद से ही योगी मंत्रिमंडल के विस्तार की अटकलें शुरू हो गई थीं। इसे लेकर लखनऊ से दिल्ली तक कई बार बैठकों का दौर चला। 23 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास पर भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में हुई भाजपा कोर कमेटी की बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार पर सहमति बनी।

नए मंत्रियों को यह विभाग

जितिन प्रसाद – प्राविधिक शिक्षा विभाग

संगीता बलवंत  –  सहकारिता विभाग

दिनेश खटीक  –  जलशक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण

पल्टूराम –   सैनिक कल्याण, होमगार्ड, प्रान्तीय रक्षक दल एवं नागरिक सुरक्षा विभाग

छत्रपाल गंगवार  –  राजस्व विभाग

धर्मवीर प्रजापति  –  औद्योगिक विकास

संजीव कुमार गोंड  –  समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »