Wednesday , May 1 2024
Breaking News

यूपी की महिलाओं को साधने कांग्रेस का बड़ा दांव: प्रियंका का फार्मूला 45

Share this

उत्तर प्रदेश में तीन दशक से ज्यादा समय से राजनीतिक वनवास भोग रही कांग्रेस ने सत्ता में वापसी के लिए आधी आबादी को साधने का बड़ा दांव चला है. अपनी राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की अगुआई में पार्टी ने इसके लिए महिला घोषणा पत्र जारी करने की अनोखी पहल की है जिसमें 2022 में होने वाले विधान सभा चुनाव में लक्ष्य संधान के लिए 45 सूत्री फार्मूला अपनाया गया है.

उत्तर प्रदेश कांग्रेस की कमान संभालने के बाद किसानों, आदिवासियों, निषादों और महिलाओं के लिए कई मौकों पर संघर्ष करती नजर आईं प्रियंका गांधी वाड्रा ने मिशन 2022 में सफलता के लिए आधी आबादी पर निगाहें जमाई हैं जिन्हें रिझाने के लिए महिला घोषणा पत्र में 45 घोषणाएं की गई हैं

कांग्रेस के उत्तर प्रदेश मुख्यालय में घोषणा पत्र जारी करने के मंच का संयोजन भी इसकी गवाही दे रहा था जिसके जरिये महिलाओं को खास संदेश देने की कोशिश की गई. मंच पर प्रियंका के साथ सिर्फ महिलाएं मौजूद थीं जिनमें पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत, अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष नेटा डिसूजा और कांग्रेस विधानमंडल दल नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ शामिल थीं. घोषणा पत्र जारी करने के मौके पर प्रियंका ने कहा भी कि आगे से प्रेस कांफ्रेंस की पहली पंक्ति महिलाओं के लिए आरक्षित रहेगी.

महिला घोषणा पत्र को ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ थीम सांग के साथ जारी करते हुए प्रियंका ने कहा कि ‘उत्तर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा का हाल सभी जानते हैं. हर दिन महिलाएं मुझसे मिलती हैं, अपना दर्द कहती हैं. पुलिस-प्रशासन अपराधी के साथ होते हैं क्योंकि उनकी सत्ता से नजदीकी होती है. महिलाएं पीड़िता नहीं बने रहना चाहती हैं. वे अपने हक के लिए लड़ना चाहती हैं. ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ नारा महिलाओं की इसी अकुलाहट से निकला है.’ उन्होंने बताया कि पार्टी का समग्र घोषणा पत्र भी जल्दी जारी किया जाएगा.

100 फाइनल टिकटों में 60 महिलाएं : प्रियंका ने कहा कि विधायिकाओं में महिलाओं की हिस्सेदारी बमुश्किल 14 प्रतिशत है. महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट देने का फैसला विधायिका में उनकी भागीदारी बढ़ाने और महिला सशक्तीकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा. यह भी बताया कि टिकटों के लिए प्राप्त हुए आवेदनों की स्क्रीनिंग के बाद जो 100 टिकट अब तक फाइनल हुए हैं, उनमें 60 महिलाएं हैं. कांग्रेस के प्रत्याशियों की पहली सूची जल्दी जारी होगी.

Share this
Translate »