Friday , April 26 2024
Breaking News

कर्नाटक में 12 मई को होगी वोटिंग व 15 को आएगा रिजल्ट

Share this

नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ओ.पी. रावत ने आज कर्नाटक विधानसभा के चुनाव की तारीख  का ऐलान किया जिसके तहत कर्नाटक विधानसभा के चुनाव 12 मई को कराए जाएंगे और वोटों की गिनती 15 मई को होगी। कर्नाटक की 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए पिछली बार की तरह इस बार भी एक ही चरण में चुनाव होंगे।

इसकी जानकारी देते हुए रावत ने यहां एक प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि इन चुनावों की अधिसूचना 17 अप्रैल को जारी की जाएगी। नामांकन-पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख 24 अप्रैल होगी। नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 27 अप्रैल होगी। सभी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें (ईवीएम) वोटर वेरिफायेबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपीएटी) मशीनों से जुड़ी होंगी।
गौरतलब है कि चुनाव आयोग की ओर से कर्नाटक चुनावों की आधिकारिक घोषणा करने से पहले ही इन चुनावों की तारीखें लीक हो जाने पर रावत ने कहा कि आयोग मामले की जांच करेगा और सख्त कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई करेगा। कर्नाटक में सत्ताधारी कांग्रेस और विपक्षी भाजपा दोनों के लिए इन चुनावों को राजनीतिक तौर पर अहम माना जा रहा है। पिछले कुछ साल में कई विधानसभा चुनाव हारने के बाद कर्नाटक ही एकमात्र बड़ा राज्य है जहां की सत्ता पर कांग्रेस काबिज है। भाजपा इन चुनावों में कांग्रेस को सत्ता से बेदखल करने की पुरजोर कोशिश कर रही है। पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा की अगुवाई वाली जनता दल सेक्यूलर (जेडीएस) इस चुनावी अखाड़े में दमखम दिखाने की कोशिश कर रही तीसरी पार्टी है।
ज्ञात हो कि कर्नाटक में 225 सदस्यीय विधानसभा की 224 सीट के लिए चुनाव होता है जबकि एक सीट पर एंग्लो-इंडियन समुदाय से सदस्य मनोनित होता है। उल्लेखनीय है कि इस बार भाजपा और कांग्रेस में चुनावों को लेकर कड़ी टक्कर है। जहां एक तरफ मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के नेतृत्व में कांग्रेस फिर से सत्ता पर काबिज करना चाहती है वहीं दूसरी तरफ बी.एस. येदियुरप्पा को सामने कर भाजपा भी मैदान में डटी हुई है। सोमवार को भी भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने येदियुरप्पा गृह नगर में रैली को संबोधित किया।
अगर पिछले आंकड़े पर गौर किया जाए तो 2013 के विधानसभा चुनाव में राज्य की कुल 224 सीटों में से कांग्रेस ने 122 जीती थीं जबकि भाजपा 40 और जेडीएस 40 सीटों पर कब्जा किया था।

 

Share this
Translate »