Thursday , April 25 2024
Breaking News

आखिर कर्नाटक में कौन सी उपलब्धि का बखान यूपी सीएम कर रहें हैं: कांग्रेस

Share this

लखनऊ। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा कर्नाटक विधानसभा में चुनाव प्रचार किये जाने पर कांग्रेस ने उन्हें आड़े हाथों लिया है। जिसके तहत जहां कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि आखिर कौन सी उपलब्धि का बखान वहां यूपी सीएम कर रहें हैं? एक साल के अंदर उत्तर प्रदेश में उन्होंने क्या किया हैवहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जहां भयंकर तूफान से भारी तबाही और जन-माल हानि हुई है, वहीं मुख्यमंत्री कर्नाटक में चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। वह देश के सबसे गैर जिम्मेदार मुख्यमंत्री हैं।

गौरतलब है कि कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने सीएम योगी पर जोरदार निशाना साधा है। उन्होंने योगी के कर्नाटक चुनाव में प्रचार किए जाने पर कहा कि मैं कर्नाटक से आ रहा हूं, वहां यूपी सीएम को प्रचार के लिए उतारा गया है। आखिर कौन सी उपलब्धि का बखान वहां यूपी सीएम कर रहें हैं? एक साल के अंदर उत्तर प्रदेश में उन्होंने क्या किया है, यहां पर बेरोजगारी है, अपराध बढ़ा है, हर तरफ समस्याएं ही समस्याएं हैं और वह कर्नाटक में प्रचार कर रहे हैं।

दरसअल, जितिन पीएम के संसदीय क्षेत्र में किसानों की समस्याओं को सुनने के लिए पहुंचे थे। जितिन प्रसाद ट्रांसपोर्ट नगर जमीन अधिग्रहण को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी से लेकर सीएम योगी तक पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाया।

जबकि वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में जहां भयंकर तूफान से भारी तबाही और जन-माल हानि हुई है, वहीं मुख्यमंत्री कर्नाटक में चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। वह देश के सबसे गैर जिम्मेदार मुख्यमंत्री हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि मुख्यमंत्री अंशकालिक नियुक्ति पर हैं। सरकार का मुख्य कर्तव्य आपदा में लोगों की मदद करना होता है, जबकि यहां मुख्यमंत्री योगी मदद की जगह दूसरे प्रदेश में पार्टी के प्रचार में व्यस्त हैं। कर्नाटक की जनता कैसे विश्वास करेगी कि योगी के कहने से कर्नाटक में सुशासन मिलेगा?

उन्होंने कहा कि कर्नाटक की जनता मुख्यमंत्री योगी से सवाल कर रही है कि उसी उप्र मॉडल की बात करने आप कर्नाटक आए हैं, जहां नाबालिग बच्चियों के साथ बलात्कार नहीं, सामूहिक बलात्कार होता है। जहां का किसान आत्महत्या के लिए जाना जाता है। जहां सुबह व्यक्ति घर से निकलता है तो शाम तक घर आएगा, निश्चित नहीं होता।

 

Share this
Translate »