Friday , March 29 2024
Breaking News

सक्षम नई ऊर्जा पैदा करेगा जनता में

Share this

नई दिल्ली।   सक्षम (संरक्षण क्षमता महोत्सव) पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के तत्वावधान में पेट्रोलियम संरक्षण अनुसंधान संघ (पीसीआरए) की प्रमुख एवं वार्षिक गतिविधि है। इसमें राज्य सरकारें तथा उसके जैसे अन्य हितधारकों के साथ तेल और गैस संबंधी सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम सक्रिय सहयोग करते हैं। इसके तहत जनाधारित गतिविधियों के जरिए ईंधन संरक्षण पर ध्यान केंद्रित किया जाता है और बेहतर स्वास्थ्य तथा बेहतर पर्यावरण के निर्माण के लिए जनता को पेट्रोलियम उत्पादों के कारगर इस्तेमाल के प्रति जागरुक बनाया जाता है।

इस वर्ष महीना भर लंबे सक्षम-2018 के दौरान ईंधन संरक्षण के संबंध में विभिन्न संवादमूलक कार्यक्रमों और गतिविधियों की योजना बनाई गई है। इसका भव्य उद्घाटन समारोह 16 जनवरी, 2018 को दिल्ली के सिरी फोर्ट ऑडिटोरियम में किया जाएगा। इस अभियान के दौरान नागरिकों को पेट्रोलियम उत्पादों के संरक्षण और उनके कारगर इस्तेमाल के प्रति जागरूक बनाने के प्रयासों में तेजी लाई जाएगी।

इसके लिए पीसीआरए विभिन्न जनाधारित गतिविधियां चलाएगा, जैसे ड्राइवरों/ फ्लीट आपरेटरों का प्रशिक्षण कार्यक्रम, ईंधन सक्षम वाहन चालन प्रतियोगिता, महिलाओं/ बावर्चियों/ घरेलू सेविकाओं/ स्कूल और कालेज की लड़कियों के साथ ईंधन बचत तथा एलपीजी/पीएनजी के फायदों पर सामूहिक वार्ता, स्कूलों/ कालेजों/ विश्वविद्यालयों के लिए शिक्षा कार्यक्रम, किसानों के लिए जागरूकता कार्यक्रम, वॉकेथॉन, कांसर्ट व प्रदर्शनी इत्यादि।

इसके अलावा पीसीआरए ने 21 जनवरी को देशभर में साइकिल दिवस के रूप में मनाने की योजना बनाई है। ईंधन संरक्षण, जाम की स्थिति में कमी लाकर वाहनों से उत्सर्जित होने वाले धुएं में कमी लाने और यातायात प्रवाह में सुधार लाने का संदेश देने के लिए इंदौर, भुवनेश्वर, मुंबई आदि में साइक्लोथॉन का आयोजन किया जाएगा। आकाशवाणी, दूरदर्शन, टीवी चैनल, निजी एफएम चैनल, डिजिटल सिनेमा थियेटर जैसे विभिन्न मीडिया प्लेटफार्मों के जरिए ईंधन संरक्षण और साइक्लोथॉन गतिविधियों वाला राष्ट्र व्यापी अभियान चलाने की भी योजना है।

यह अभियान विभिन्न शहरों में चलाया जाएगा। पीसीआरए सक्षम राष्ट्रीय निबंध एवं चित्रकारी प्रतियोगिता में भाग लेने वाले स्कूली छात्र विजेताओं को उद्घाटन समारोह के दौरान पुरस्कार दिए जाएंगे। पुरस्कारों में सिंगापुर स्टडी टूर, लेपटॉप, टेबलेट और नकद पुरस्कार शामिल हैं। यह पुरस्कार बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए दिए जाएंगे, ताकि वे ऊर्जा संरक्षण के बारे में अपनी जानकारी बढ़ा सकें।

 

Share this
Translate »